अनंत अंबानी ने बाबा बागेश्वर धाम पहुंचकर लिया आशीर्वाद, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने करवाया हवन, 11 कन्याओं का पूजन किया
बाबा बागेश्वर धाम पहुंचने पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अनंत अंबानी को गदा भेंट की.
MP News: भारत के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी गुरुवार को छतरपुर पहुंचे. यहां उन्होंने बाबा बागेश्वर धाम पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया. इस दौरान बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अनंत अंबानी को गदा भेंटकर स्वागत किया. दोनों ने एक साथ फोटो खिंचवाई. अनंत अंबानी बाबा बागेश्वर की महाआरती में भी शामिल हुए.
11 कन्याओं का पूजन कर दक्षिणा भेंट की
अनंत अंबानी बाबा बागेश्वर धाम के यज्ञशाला पहुंचे, यहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अनंत अंबानी को मंत्रोच्चार के साथ यत्र करवाया. धाम में अनंत ने 11 कन्याओं का पूजन कर उन्हें दक्षिणा भी दी. इसके साथ ही वाराणसी के विद्वान ब्राह्मण भी आए थे, जिनको सम्मानित करके अनंत अंबानी ने उनका आशीर्वाद लिया.
एयरपोर्ट हुआ जोरदार स्वागत, वीडी शर्मा रहे मौजूद
खजुराहो एयरपोर्ट पर अनंत अंबानी का बागेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्यों ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान सांसद वीडी शर्मा, विधायक समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अनंत अंबानी का स्वागत किया.
अनंत अंबानी और पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने खिंचवाई फोटो
धाम में पहुंचते ही दोनों ने गर्मजोशी के साथ मुलाकात की. पहुंचते ही अनंत अंबानी ने धीरेंद्र शास्त्री के पैर छुए, जिसके बाद शास्त्री ने अनंत अंबानी को गले लगा लिया. अनंत ने कहा कि आपने बुलाया था तो मैं चला आया. ये पहला मौका नहीं है जब अनंत अंबानी ने बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की हो. दोनों कई बार एक-दूसरे से मिल चुके हैं और दोनों की कई मौकों पर एक साथ तस्वीर देखी गई हैं.
स्थानीय श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
अनंत अंबानी जब धाम पहुंचे तो इस दौरान सुरक्षा को लेकर खासा इंतजाम देखने को मिला. पुलिस के अलावा अनंत अंबानी के खुद के सुरक्षाकर्मी भी काफी संख्या में मौजूद रहे. वहीं अनंत अंबानी के पहुंचने पर धाम जाने वाले स्थानीय श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया. हालांकि पूजापाठ और कन्या पूजन के बाद अनंत अंबानी गुरुवार को ही छतरपुर से रवाना हो गए.