CG News: सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर पर FIR, 15 अगस्त को बीजेपी विधायक का शेयर किया था वीडियो, जानें मामला
सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर पर FIR
CG News: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सिंगर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है. भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. दोनों पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर से जुड़े एक कथित भ्रामक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है.
बीजेपी विधायक का शेयर किया था वीडियो
दरअसल, धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का एक पुराना वीडियो 15 अगस्त के दिन शेयर किया जा रहा था, जिसमें वह भाजपा का झंडा फहरा रहे हैं, लेकिन यह वीडियो मार्च को आयोजित भाजपा प्रशिक्षण कार्यशाला का था. उस दिन पोस्ट करते हुए बताया गया कि भाजपा विधायक ने स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा का झंडा फहराया है, लेकिन यह वीडियो पुराना था. जबकि, विधायक ने स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगा फहराया था, जिसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद भी शेयर किया था.
इसको लेकर उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के कई वीडियो भी अपलोड किए और बताया था कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराया था. वहीं, भाजपा झंडा वाला उनका पुराना वीडियो है. विधायक ने आरोप लगाया कि उनका वीडियो कांग्रेस पार्टी के एक्स अकाउंट से भी शेयर किया गया.
FIR में इनके नाम शामिल
वहीं, अब भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर मामले में एक और एफआईआर दर्ज की गई है. इसमें कांग्रेस की सोशल मीडिया एवं डिजिटल मंच की अध्यक्ष श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ खाते ‘जेन जी ऑफ इंडिया’ का नाम शामिल है. पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है.
अजय चंद्राकार ने जारी किया था बयान
वहीं विधायक अजय चंद्राकर ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए इस आरोप को खारिज किया था. उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के तौर पर प्रसारित किया जा रहा वीडियो वास्तव में 22 मार्च को आयोजित भाजपा के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का है. उन्होंने आगे कहा, “15 अगस्त के दिन मैंने धमतरी जिला मुख्यालय के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी थी.”
ये भी पढ़ें- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, उत्तरी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट