राजगढ़: ‘ये जो इतना हवा में है न, मिल गया तो मार दूंगा’, कर्मचारी ने नगर पालिका अध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी
सांकेतिक तस्वीर
Rajgarh News: मध्य प्रदेश का राजगढ़ शहर इन दिनों चर्चा में बना हुआ है. यहां पर नगर पालिका अध्यक्ष को नगर पालिका के ही एक अस्थायी कर्मचारी ने धमकाया है. इनता ही नहीं कर्मचारी ने नगर पालिका के ऑफिशियल ग्रुप पर अध्यक्ष को धमकाते हुए धारदार चाकू की तस्वीर भी शेयर की है. चाकू की फोटो डालने के साथ ही कर्मचारी ने लिखा है- मुझे जेल करवा दो, नहीं तो कल कोई एक खत्म हो जाएगा.
फोन करके भी दी धमकी
कर्मचारी ने पर्सनल मैसेज भेजकर और फोन पर भी नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू को जान से मारने की धमकी दी है. इस मामले पर नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. बता दें कि नगर पालिका परिषद राजगढ़ के नाम से बने वाट्स -ऐप ग्रुप पर आदित्य सिंह नाम के नंबर से मैसेज किया गया है, यह नंबर उसी अस्थायी कर्मचारी का है.
पहले चाकू की तस्वीर और फिर…
कर्मचारी के नंबर से सबसे पहले एक चाकू की फोटो ग्रुप में भेजी गई इसके बाद एक मैसेज आया, इसमें लिखा हुआ था कि मुझे जेल करवा दो नहीं तो कोई कल एक खत्म हो जाएगा…पक्की बात है…जो ये इतना हवा में है अगर मुझे मिल गया तो पक्का मार दूंगा। ये राजपूत की जुबान है…अगर कल एक को नहीं मारा तो नाम बदल देना.
धमकाने का मामला दर्ज
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उक्त कर्मचारी इस तरह से धमकी दे चुका है. कोतवाली थाना टीआई मंजू मखेनिया ने बताया- मामले में कर्मचारी राजपालसिंह परमार के खिलाफ धमकाने का मामला दर्ज किया है. उसने अध्यक्ष को फोन पर धमकाया था, जान से मारने की धमकी दी थी. जहां तक सोशल मीडिया ग्रुप की बात है तो उसमें डीपीओ से परामर्श लेकर हम धारा बढा़एंगे.