Morena: बेटी के नाबालिग बॉयफ्रेंड पर पिता ने बरसाए डंडे, दर्द से चिल्लाता रहा युवक, बेहोश हुआ तो पैर बांधकर सड़क पर घसीटा
बीच सड़क पर युवक को बेरहमी से पीटा
Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में प्रेम संबंध को लेकर एक नाबालिग छात्र के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग छात्र को बीच सड़क डंडों से पीटते और घसीटते नजर आ रहे हैं. मामला नूराबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
रास्ते में रोककर की गई बेरहमी से पिटाई
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर छात्र कहीं से लौट रहा था. इसी दौरान उसकी नाबालिग मित्र के पिता और उनके कुछ रिश्तेदारों ने रास्ते में उसे रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद छात्र के साथ जमकर मारपीट की गई. वायरल वीडियो में दो लोग लगातार डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी.
बेहोश होने के बाद सड़क पर घसीटा
लगातार पिटाई के कारण छात्र बेहोश हो गया. इसके बावजूद आरोपियों ने उसे घसीटा. घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन शुरुआती कुछ पल तक किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया. बाद में कुछ लोगों ने आगे बढ़कर बीच-बचाव किया और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया.
कोचिंग में हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की वजह नाबालिग छात्र और आरोपी की बेटी के बीच चल रहा प्रेम संबंध था. दोनों की पहचान कोचिंग के दौरान हुई थी. बताया गया कि एक दिन पहले दोनों साथ चले गए थे, जिसके बाद लड़की के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. कुछ घंटों बाद दोनों सुमावली क्षेत्र में मिल गए. इसके बाद छात्र के साथ मारपीट की घटना सामने आई.
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. नूराबाद थाना पुलिस के अनुसार, पहले नाबालिग लड़की के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन उसके सुरक्षित मिलने के बाद छात्र के साथ मारपीट की शिकायत सामने आई. सुमावली थाना पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
ये भी पढे़ं- Khandwa: 3 बच्चों की मां से हुआ प्यार, रुकावट बन रहे पति को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिफ्तार