खीर में नींद की गोलियां, फिर मौत… बाथरूम के नीचे दफना दिया पति, 45 दिन तक रचती रही गुमशुदगी का खेल
Agra crime news: देशभर में पतियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें पतियों को मौत के घाट उतारा जा रहा है. महाराष्ट्र के पुणे के बाद अब यूपी के आगरा से भी इसी तरह का मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का आरोप है.
इतना ही नहीं, उसने करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक किया. पुलिस के साथ मिलकर उसे तलाशने का दिखावा भी करती रही. आखिरकार एटीएम से निकाली गई रकम और महिला के बयानों में कुछ गड़बड़ होने के बाद ही पूरे राज से पर्दा उठ गया.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के रेनुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा 18 मई के बाद अचानक गायब हो गए थे. 26 मई को उनके भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जांच के दौरान सुरेंद्र के बैंक खाते से लगातार एटीएम से पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली, जबकि वह लापता बताए जा रहे थे. इससे पुलिस को शक हुआ और जांच की दिशा बदल गई.
पूछताछ में उगला पत्नी ने पूरा राज
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पत्नी रूबी शर्मा ने कथित तौर पर पहले पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं. बेहोश होने के बाद उसकी हत्या कर दी. अगले दिन बेटियों को रिश्तेदार के घर छोड़कर उसने घर के बाथरूम में गड्ढा खोदा, शव को उसमें दफना दिया और ऊपर से सीमेंट डालकर नई टाइल्स लगवा दीं, ताकि किसी को शक न हो. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी.
झड़के की वजह से उतारा मौत के घाट?
पड़ोसियों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. पुलिस का कहना है कि सुरेंद्र शराब पीने का आदी था और पत्नी से पैसे मांगता था. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शव को दफनाने में महिला की किसी और ने मदद तो नहीं की. आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें:समोसा खाता रह गया दूल्हा, साढ़े 3 लाख के गहने समेट पार्लर से प्रेमी संग फरार हो गई दुल्हन