Indore: दहेज प्रताड़ना के केस से परेशान होकर व्यापारी ने खाया जहर, 8 महीने पहले हुई थी शादी
मृतक राजीव राठौर
इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक कंस्ट्रक्शन व्यवसायी ने दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खा लिया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम का माहौल है वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि पत्नी द्वारा दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाने के बाद से ही व्यापारी मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था. परिजनों का कहना है कि पत्नी के अलावा उसके परिवार के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल है.
पुलिस ने दी मामले के बारे में जानकारी
इस मामले में लसूड़िया थाना पुलिस ने जानकारी दी है. पुलिस के अनुसार, राजीव राठौर निवासी अंबिकापुरी कॉलोनी ने 6 जुलाई की रात जहरीला पदार्थ खा लिया था. परिजन गंभीर हालत में उन्हें राजश्री अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी उनकी मौत हो गई.
मामा के साथ करता था व्यापार
परिजनों का कहना है कि राजीव अपने मामा मनोज के साथ कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय करता था. राजीव की शादी दिसंबर 2025 में बीमा अस्पताल के पास रहने वाली शिवानी राठौर से हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी मायके चली गई और उसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे.
राजीव के परिजनों ने लगाए आरोप
इसके बाद करीब दो महीने पहले पत्नी ने दहेज प्रताड़ना की मामला दर्ज करवाया. शिवानी ने अपनी शिकायत में पति, उसकी मां, भाई और विवाहित बहनों के नाम भी शामिल किए हैं. परिवार का आरोप है कि इसी मामले को लेकर राजीव लगातार मानसिक परेशान रहता था. राजीव के परिवार ने शिवानी और उसकी मां रीता, पिता उत्तम पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं.