Morena: खैर के जंगलों पर माफियाओं का कब्जा! अधिकारियों की मिलीभगत से कई बीघा जंगल साफ करने का आरोप

Morena: Morena: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ वन क्षेत्र में खैर के जंगलों की अवैध कटाई को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. आइए जानते है पूरा मामला
Morena news

पेड़ों की कटाई की तस्वीर

इनपुट- मनोज शर्मा

Morena: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ वन क्षेत्र में खैर के जंगलों की अवैध कटाई को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. कन्हार निवासी गौरव शर्मा ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन कैलारस रेंजर हिना खान, डिप्टी रेंजर कीर्ति शांडिल्य कन्हार और नवाब सिंह धाकड़ की मिलीभगत से सैकड़ों बीघा जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई कराई गई. शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि सूचना के अधिकार केS तहत जानकारी मांगने पर भी उन्हें गुमराह किया गया.

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ से की शिकायत

गौरव शर्मा के अनुसार उन्होंने फरवरी माह में आरटीआई के माध्यम से खैर के जंगलों की कटाई से संबंधित जानकारी मांगी थी, लेकिन वन विभाग ने स्पष्ट जानकारी देने के बजाय उन्हें गुमराह किया. इसके बाद उन्होंने मुरैना डीएफओ कार्यालय में भी सूचना का अधिकार लगाया, लेकिन वहां भी संतोषजनक जानकारी नहीं मिली. अब उन्होंने मामला भोपाल तक पहुंचाया है. गुरुवार को उन्होंने मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ से शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

शिकायतकर्ता का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण का संदेश देते हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ वन अधिकारी लालच में आकर जंगलों की अवैध कटाई को बढ़ावा दे रहे हैं. उनका दावा है कि संबंधित क्षेत्र में सैकड़ों बीघा जमीन पर खैर के पेड़ काटे गए हैं और यह सिलसिला अभी भी जारी है.

गौरव शर्मा ने डिप्टी रेंजर कीर्ति शांडिल्य पर भी लंबे समय से कन्हार क्षेत्र में पदस्थ रहते हुए माफियाओं से सांठगांठ के आरोप लगाए हैं. साथ ही यह भी दावा किया है कि यदि उनकी संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो आय से अधिक संपत्ति का मामला भी सामने आ सकता है.

ये भी पढ़ें: एग्जाम से पहले RGPV यून‍िवर्स‍िटी से क्‍वेश्‍चन पेपर चोरी! 200 छात्रों की परीक्षा टली, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

ज़रूर पढ़ें