Indore: न रजिस्‍ट्री कराई और न पैसा लौटाया…प्‍लॉट बेचने का झांसा देकर महिला से 18 लाख की ठगी, कंपनी के 3 लोगों पर FIR

Indore News: क्राइम ब्रांच ने एक महिला की शिकायत पर यूनाइटेड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
Crime Branch Office, Indore

क्राइम ब्रांच ऑफिस इंदौर

Indore News: इंदौर में प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. क्राइम ब्रांच ने एक महिला की शिकायत पर यूनाइटेड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. आरोप है कि आरोपियों ने प्लॉट का सौदा तय कर महिला से 18.75 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस की. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसी तरीके से अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार तो नहीं बनाया गया.

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

क्राइम ब्रांच के अनुसार, यशवंत निवास रोड़ के रहने वाले वनिता डांगी ने शिकायत में बताया कि अप्रैल 2024 में वह सुपर कॉरिडोर स्थित ऑर्चर्ड पार्क में प्‍लाॅट देखने आई थीं. वहां उनकी मुलाकात कंपनी से जुड़े त्रिलोकी प्रसाद गुप्‍ता और अनीता गहलोत से हुई थी. दोनों ने खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताते हुए करीब 1000 वर्ग‍फीट क्षेत्रफल वाला प्‍लॉट दिखाया और उसकी कीमत 25 लाख रुपये बताई.

18.75 लाख रुपये का किया भुगतान

शिकायत के अनुसार, 10 अप्रैल 2024 को प्लॉट का विक्रय पत्र तैयार किया गया. वनिता ने शुरुआत में 50 हजार रुपये नकद दिए और बाद में अलग-अलग माध्यमों से कुल 18.75 लाख रुपये का भुगतान कर दिया. बाकी 6 लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देने की सहमति बनी थी.

रजिस्ट्री के बजाय मिलते रहे आश्वासन

महिला का आरोप है कि भुगतान के बाद भी कंपनी के जिम्मेदार लोग लगातार रजिस्ट्री टालते रहे. बाद में उन्हें दूसरा प्लॉट लेने का सुझाव दिया गया और पैसे लौटाने का भरोसा भी दिया गया, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि अक्टूबर 2025 में त्रिलोकी प्रसाद गुप्ता ने साफ इनकार कर दिया कि न पैसे लौटाए जाएंगे और न ही प्लॉट दिया जाएगा. साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

अन्य पीड़ितों की तलाश में पुलिस

कई बार संपर्क करने के बावजूद जब न रजिस्ट्री हुई और न ही भुगतान वापस मिला, तब पीड़िता ने क्राइम ब्रांच का दरवाजा खटखटाया. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. अब यह भी जांच की जा रही है कि क्या कंपनी ने इसी तरह अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की है.

ये भी पढे़ं- MP News: 200 करोड़ की शंकराचार्य प्रतिमा पर उठे सवाल, मुख्य स्टील पिलर में झुकाव का दावा, CBI और लोकायुक्त तक पहुंची शिकायत

ज़रूर पढ़ें