Morena News: स्कूल तक सड़क नहीं, दलदल और जलभराव से परेशान छात्र पहुंचे कलेक्ट्रेट, सड़क निर्माण की लगाई गुहार

Morena News: पोरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत कीचौल के गुमानपुरा गांव के 20 से 25 छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे.
Children reached the Collectorate.

बच्‍चे पहुंचे कलेक्ट्रेट

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

Morena News: मुरैना जिले के पोरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत कीचौल के गुमानपुरा गांव के 20 से 25 छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे. छात्रों ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर गांव से स्कूल तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की है.

जलभराव और दलदल से पढ़ाई हो रही प्रभावित

छात्र-छात्राओं का कहना है कि स्कूल जाने वाले मार्ग पर जलभराव और दलदल होने के कारण वे नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं. बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उनका आरोप है कि रास्ता खराब होने के कारण शिक्षक भी कई बार स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं.

कई महीनों से कर रहे शिकायत

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई महीनों से सरपंच और सचिव से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

ग्रामीणों ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव में विकास और पक्की सड़क के दावे करती है, लेकिन गुमानपुरा जैसे कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराकर बच्चों की शिक्षा में आ रही बाधा दूर करने की मांग की.

कैलारस में भी खुली विकास कार्यों की पोल

वहीं मुरैना जिले की जनपद पंचायत कैलारस अंतर्गत ग्राम पंचायत आंतरी के वार्ड क्रमांक 6, 7 और 8 में विकास कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले बनाई गई सीसी सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है. पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर जलभराव बना रहता है.

ग्रामीणों ने जनपद पंचायत और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सीसी सड़क की जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कर सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके.

ये भी पढे़ं- Morena Road Accident: पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर, हादसे में 3 की मौत, 4 घायल

ज़रूर पढ़ें