उपचुनाव से पहले ही बांकीपुर में प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, इन दो नेताओं ने छोड़ा जन सुराज का साथ
दो नेताओं ने छोड़ा पीके का साथ
Bankipur Prashant Kishor Setback: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के दो प्रमुख चेहरे बिट्टू सिंह और केसी सिन्हा ने संगठन से इस्तीफा दे दिया है.दोनों नेताओं और उनके समर्थकों ने बीजेपी का दामन थाम लिया है. पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनावी मैदान में हैं. ऐसे समय में नेताओं का साथ छोड़ना बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है.
जन सुराज छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले बिट्टू सिंह और केसी सिन्हा लंबे समय से जन सुराज अभियान से जुड़े हुए थे. कहा ऐसा भी जाता है कि दोनों नेता पीके के खास थे. हालांकि अचानक हुए इन इस्तीफों ने कई सवालों को जन्म दिया है.
जन सुराज से अलग होने के दोनों नेताओं ने ही संगठन की कार्यशैली और फैसलों पर सवाल उठाए हैं. मतलब सीधे तौर पर उन्होंने पीके के नेतृत्व पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. उनका कहना है कि पार्टी में कई महत्वपूर्ण निर्णय सीमित लोगों के स्तर पर लिए जा रहे थे, जिससे कार्यकर्ताओं की राय को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा था.
जन सुराज ने बताया सामान्य प्रकिया
जन सुराज का कहना है कि किसी भी संगठन में लोगों का आना-जाना सामान्य प्रक्रिया है. इससे चुनावी अभियान पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा. पार्टी नेतृत्व ने दावा किया कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता पहले की तरह सक्रिय हैं. पूरा ध्यान बांकीपुर उपचुनाव पर केंद्रित है.
हाई प्रोफाइल सीटों में शुमार है बांकीपुर
बांकीपुर सीट इस बार पूरे बिहार की राजनीति का केंद्र बनी हुई है क्योंकि चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पहली बार खुद मतदाताओं के बीच वोट मांग रहे हैं. उनके सामने BJP ने भी अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए उम्मीदवार बदला है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
ये भी पढ़ें:मंत्री लखन पटेल के पास अब केवल आनंद विभाग, कैसे करता है यह काम और क्या होती है जिम्मेदारी