इंदौर के टंट्याभील चौराहे पर उमड़ा छात्रों का सैलाब, NEET पेपर लीक मामले में लगातार प्रदर्शन जारी
इंदौर में नीट पेपर लीक मामले में प्रदर्शन
Indore News: इंदौर के टंट्याभील चौराहे पर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. बड़ी संख्या में छात्र यहां एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं. 30 जून से शुरू हुआ यह अनिश्चितकालीन धरना नीट पेपर लीक मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अन्य मांगों को लेकर जारी है.
बढ़ती भीड़ से आंदोलन को मिल रहा समर्थन
समय बीतने के साथ प्रदर्शन स्थल पर छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगाए जा रहे नारों से पूरे इलाके का माहौल आंदोलित नजर आ रहा है. चौराहे से गुजरने वाले लोग भी कुछ देर रुककर छात्रों के प्रदर्शन को देख रहे हैं. मंगलवार देर रात तक बड़ी संख्या में छात्र धरना स्थल पर डटे रहे और लगातार अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते रहे.
तख्तियों और गीतों से बढ़ाया जोश
प्रदर्शन में शामिल छात्र हाथों में तख्तियां लिए दिखाई दिए, जिन पर उनकी विभिन्न मांगें लिखी थीं. बारिश के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ. इस दौरान अखिलेश राणा, रोहित वास्कले, दुर्गा माणसाने, भारत चौहान, राधिका सहित अन्य साथियों ने राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीत प्रस्तुत कर आंदोलन में शामिल छात्रों का हौसला बढ़ाया.
लोकतंत्र की रक्षा का बताया उद्देश्य
धरने पर बैठे लाेगों ने कहा कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और उन्हें मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. उनके अनुसार मंगलवार को आंदोलन का 22वां दिन पूरा हो गया और जैसे-जैसे समय बीत रहा है, आंदोलन से जुड़ने वाले छात्रों की संख्या भी बढ़ती जा रही है.
पहले भी निकाला जा चुका है पैदल मार्च
इससे पहले प्रदर्शनकारी छात्र टंट्याभील चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाल चुके हैं. वहां उन्होंने कई घंटों तक प्रदर्शन कर प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत कराया था. छात्रों का कहना है कि उनकी कुछ मांगों पर कार्रवाई हुई है, लेकिन कई अहम मुद्दों का समाधान अभी बाकी है. इसी कारण वे अब भी टंट्याभील चौराहे पर लगातार धरना देकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं.
ये भी पढे़ं- लोकभवन में कांग्रेस विधायक धरने पर बैठे, पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग