शिक्षा मंत्रालय में नई शुरुआत, प्रह्लाद जोशी ने पदभार संभालते ही दिया बड़ा मैसेज
प्रह्लाद जोशी ने संभाला प्रभार
Union Education Minister: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को आधिकारिक तौर पर शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल ली है. मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास को वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे.
कार्यभार संभालने के दौरान जोशी ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और शिक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर प्रारंभिक चर्चा की.
उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे. साथ ही केंद्र सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं और सुधारों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा.
प्रह्लाद जोशी को मिला अतिरिक्त प्रभार
प्रह्लाद जोशी को यह जिम्मेदारी ऐसे समय में सौंपी गई है, जब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा मंत्रालय में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है. सरकार ने उन्हें उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया है.
किन विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे जोशी
जोशी फिलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का भी दायित्व संभाल रहे हैं. अब शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार मिलने के बाद उनसे शिक्षा क्षेत्र में लंबित मुद्दों के समाधान और सुधारों को गति देने की अपेक्षा की जा रही है.
साल 2004 में वह पहली बार धारवाड़ से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और पांच चुनाव में लगातार जीत हासिल की है. वह पिछले 22 साल से लोकसभा सांसद हैं. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि नए शिक्षा मंत्री इन चुनौतियों से किस तरह निपटते हैं.
ये भी पढ़ें:मोदी सरकार में विवादों में रहा शिक्षा मंत्रालय? विरोध प्रदर्शन, पेपर लीक के बाद इस्तीफे तक की नौबत