भोपाल नहीं अब निशातपुरा स्टेशन पर रुकेगी मालवा और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस, 28 जुलाई को CM मोहन यादव करेंगे उद्घाटन
निशातपुरा रेलवे स्टेशन भोपाल
Bhopal News: भोपाल से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 28 जुलाई से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है. अब मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव भोपाल रेलवे स्टेशन के बजाय निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर होगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार शाम 4.30 बजे निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही यहां से नियमित यात्री सेवाएं भी शुरू हो जाएंगी.
तीन साल बाद शुरू होगा संचालन
जून 2023 में तैयार होने के बावजूद निशातपुरा रेलवे स्टेशन से यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था. अब सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया गया है. इसके साथ ही यह भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन जाएगा.
इन ट्रेनों का रहेगा ठहराव
भोपाल रेल मंडल के अनुसार शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर रहेगा. इसके बाद इन दोनों ट्रेनों का भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज समाप्त कर दिया जाएगा. रेलवे ने पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों से समय पर निशातपुरा स्टेशन पहुंचने की अपील की है.
श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता
मालवा एक्सप्रेस मध्य प्रदेश से माता वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की प्रमुख ट्रेनों में शामिल है. स्टेशन बदलने के फैसले से कई यात्रियों ने चिंता जताई है. उनका कहना है कि अब स्टेशन तक पहुंचने में अधिक समय लगेगा और यात्रा का खर्च भी बढ़ सकता है.
ट्रैफिक और किराए की परेशानी
यात्रियों का कहना है कि निशातपुरा स्टेशन तक जाने वाले मार्ग पर अक्सर ट्रैफिक का दबाव रहता है. नादरा बस स्टैंड और छोला रोड जैसे व्यस्त इलाकों से होकर गुजरना पड़ता है. ऐसे में समय पर ट्रेन पकड़ना चुनौती बन सकता है. वहीं ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का किराया भी पहले की तुलना में अधिक पड़ सकता है.
भोपाल स्टेशन का दबाव होगा कम
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा. रोजाना करीब 230 ट्रेनों और लगभग 45 हजार यात्रियों का संचालन संभालने वाले भोपाल स्टेशन को इससे राहत मिलेगी. भविष्य में कुछ नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं.
रेलवे को मिलेगा परिचालन लाभ
रेलवे के मुताबिक कुछ ट्रेनों को भोपाल स्टेशन पर इंजन बदलने के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ता है, जिससे मुख्य और लूप लाइनें व्यस्त रहती हैं. निशातपुरा स्टेशन के उपयोग से इस प्रक्रिया में आसानी होगी और अन्य ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुचारु हो सकेगा. स्टेशन को एनएसजी-3 श्रेणी में शामिल किया गया है और यहां यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.