दतिया उपचुनाव: 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का सख्त पहरा, 30 जुलाई को होगी वोटिंग, 2 लाख से ज्यादा लोग डालेंगे वोट
सांकेतिक तस्वीर
Datia By Election 2026: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया. अब 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिले के 291 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे. इस चुनाव में 2.20 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
निर्वाचन आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसके तहत 320 मतदान दल और 1280 मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. इनमें किसी भी कर्मचारी की तैनाती उसके गृह विधानसभा क्षेत्र में नहीं की गई है.
सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 291 में से 233 मतदान केंद्रों को क्रिटिकल और 28 केंद्रों को वल्नरेबल श्रेणी में रखा गया है. इन केंद्रों पर 215 माइक्रो ऑब्जर्वर नजर रखेंगे. प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम चार सीआरपीएफ जवानों के साथ मध्यप्रदेश पुलिस और एसएएफ के जवान तैनात रहेंगे. इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों और 12 प्रमुख नाकों पर वेबकास्टिंग व सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी. सेक्टर अधिकारियों के वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग की सुविधा रहेगी और किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में रिजर्व ईवीएम भी उपलब्ध रहेंगी.
सुबह से मतदान दलों को मिलेगा चुनावी सामान
मतदान दलों को आवश्यक सामग्री का वितरण 29 जुलाई की सुबह 5 बजे से शुरू किया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद 30 जुलाई की शाम से मतदान सामग्री वापस जमा कराने की प्रक्रिया भी शुरू होगी.
गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मां पीतांबरा पीठ पहुंचने वाले श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे, लेकिन आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण उन्हें मंदिर परिसर या शहर में कहीं भी ठहरने की अनुमति नहीं होगी. प्रशासन ने व्यवस्था की है कि दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना जरूरी कारण विधानसभा क्षेत्र में रुकने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके लिए पुलिस और प्रशासन पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगा.
ये भी पढे़ं- Datia By election: चुनावी संग्राम के बीच CM मोहन यादव का अनोखा अंदाज, चाय-समोसे का लिया जायका