‘अभी तो ये सिर्फ झांकी है…’, दतिया की जीत पर बोले कांग्रेस कार्यकर्ता, खंडवा में आतिशबाजी करके बांटी मिठाई

Datia By Election Result: जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जीत की बधाइयां दीं. खंडवा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के घंटाघर चौराहे पर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया.
Fireworks set off and sweets distributed in Khandwa.

खंडवा में आतिशबाजी कर बांटी मिठाई

रिपोर्ट – शेख शकील

Datia By Election Result: कांग्रेस को दतिया उपचुनाव में बड़ी जीत मिली है. इस जीत का जश्न भी कांग्रेस पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर मना रही है. जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जीत की बधाइयां दीं. खंडवा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के घंटाघर चौराहे पर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया.

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए. कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह बीजेपी के अहंकार की हार है. सत्ता पक्ष में होने के बावजूद यदि जनता सरकार से नाराज होती है तो वह विपक्ष को चुनती है, क्योंकि विपक्ष उनकी आवाज बनकर सदन से लेकर सड़कों तक उनके मुद्दे उठाता है.

पीतांबरा माई और गणेश जी के आशीर्वाद का किया जिक्र

खंडवा शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि सावन के पहले सोमवार को भगवान गणेश और पीतांबरा माई का आशीर्वाद कांग्रेस को मिला है. उन्होंने कहा कि यह जीत अहंकार के खिलाफ जनता का फैसला है. प्रदेश की महिलाएं महंगाई से परेशान हैं, युवा बेरोजगार हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

‘सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई’

प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि जब सत्ता पक्ष में रहते हुए भी कोई चुनाव विपक्ष जीतता है, तो यह इस बात का संकेत होता है कि डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि दतिया का परिणाम कांग्रेस की एकजुटता और जनसमस्याओं को मिलकर उठाने का नतीजा है. इसी का परिणाम है कि कांग्रेस को दतिया में जीत मिली है. उन्होंने साफ कहा कि यह तो सिर्फ आगाज है. आज से मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की उल्टी गिनती का शंखनाद हो गया है.

ये भी पढे़ं- ‘ऐसे भीतरघाती जो भाजपा को मां कहते हैं…’, दतिया उपचुनाव में हार के बाद किस पर फूटा आशुतोष तिवारी का गुस्सा?

ज़रूर पढ़ें