Indore: आबूधाबी से इंदौर आई फ्लाइट बनी तस्करों की शाही सवारी, DRI की रेड में जो मिला.. अधिकारी भी रह गए दंग
इंदौर एयरपोर्ट/ इमेज सोर्स-एक्स
Indore: इंदौर एयरपोर्ट पर सोमवार तड़के डीआरआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबूधाबी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के एक यात्री के पास से करीब 1 किलो सोना बरामद किया है. फ्लाइट सुबह करीब 3 बजे इंदौर पहुंची थी और डीआरआई को पहले से ही इस तस्करी को लेकर इनपुट मिला हुआ था. इसी इनपुट के आधार पर टीम ने यात्री पर कड़ी नजर रखी और लैंडिंग के बाद उसे पकड़कर जांच की.
बरामद सोने की कीमत करीब 2 करोड़
जांच में यात्री के सामान से बरामद सोने की कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है. सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस या एयरपोर्ट से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है. डीआरआई ने उस कर्मचारी से भी लंबी पूछताछ की है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह तस्करी किसी अंदरूनी मिलीभगत से तो नहीं की जा रही थी. हालांकि अभी तक किसी की आधिकारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
डीआरआई की टीम बरामद सोने की कागजी कार्रवाई और यात्री के ट्रैवल हिस्ट्री की भी जांच कर रही है. यह पहला मौका नहीं है जब इंदौर एयरपोर्ट पर इस तरह की कार्रवाई हुई हो. इससे पहले भी दुबई और शारजाह से आने वाली उड़ानों के यात्रियों के पास से सोना बरामद किया जा चुका है. लगातार मिल रहे इनपुट्स के बाद डीआरआई ने एयरपोर्ट पर निगरानी और सख्त कर दी है.
यात्री से पूछताछ जारी
फिलहाल यात्री से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सोना कहां सप्लाई किया जाना था. अधिकारी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रहे हैं. इंदौर एयरपोर्ट पर हुई इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अलर्ट मोड में आ गई हैं.
ये भी पढ़ें:NO इंश्योरेंस? तो नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल! सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से मांगा पायलट प्लान