CG News: पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख बदली, अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा

शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीखों में टकराव के चलते छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव कर दिया है।

CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीखों में टकराव के चलते छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव कर दिया है। अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

पहले आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की थीं। इनमें 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रस्तावित होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई थी। अभ्यर्थियों को आशंका थी कि दोनों परीक्षाओं में से किसी एक में शामिल होने का अवसर छूट सकता है।

शिक्षक भर्ती परीक्षा से तारीख टकराने के बाद मुख्यमंत्री साय ने लिया संज्ञान, अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने दिए तारीख बदलने के निर्देश

अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। परीक्षा की तारीखों में टकराव के कारण कोई पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं, इसलिए परीक्षा कार्यक्रम तय करते समय अभ्यर्थियों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त को हुआ था जारी

सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए पूर्व में अक्टूबर की तारीखें प्रस्तावित की गई थीं। अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य परीक्षा नवंबर के पहले सप्ताह में होगी।

ऑनलाइन आवेदन की जानकारी अलग से

मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक निर्देशों की विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा पृथक रूप से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से सूचनाएं देखते रहें।

ज़रूर पढ़ें