रायपुर के तीन बड़े टैक्स बकादारों पर नगर निगम ने की कार्रवाई, परिसर किया सील

रायपुर के तीन बड़े टैक्स बकायादारों पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। प्रीतपाल सिंह बिंद्रा, अमित सलूजा और अनिल अग्रवाल के व्यवसायिक परिसर को भी सीलबंद किया गया.
raipur

रायपुर नगर निगम

रायपुर. नगर निगम रायपुर ने लंबे समय से संपत्तिकर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है. नगर निगम जोन क्रमांक 10 के राजस्व विभाग ने डिमांड नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले तीन बड़े बकायेदारों के व्यावसायिक परिसरों को ताला लगाकर सीलबंद करने की कार्रवाई की.

निगम के अनुसार, आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश तथा अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा और जोन 10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. जोन सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू और राजस्व विभाग के संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी में बकायेदारों के परिसरों को सील किया गया.

कार्रवाई के तहत प्रीतपाल सिंह बिंद्रा के व्यवसायिक परिसर पर कार्रवाई की गई, जिनके नाम से 26 लाख 86 हजार 890 रुपए की संपत्तिकर राशि बकाया बताई गई है. यह परिसर कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक 54 क्षेत्र में स्थित है. इसी तरह अमित सलूजा के परिसर पर भी कार्रवाई की गई. उनके नाम से 1 लाख 97 हजार 854 रुपए की बकाया राशि बताई गई है. यह परिसर बाबू जगजीवन राम वार्ड क्रमांक 53 क्षेत्र में स्थित है. वहीं अनिल अग्रवाल के व्यवसायिक परिसर को भी सीलबंद किया गया, जिन पर 2 लाख 6 हजार 839 रुपए का संपत्तिकर बकाया बताया गया है.

निगम ने स्पष्ट किया कि संबंधित बकायेदारों को पहले डिमांड नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा गया था. इसके बावजूद राशि जमा नहीं किए जाने पर नियमानुसार सीलबंदी की कार्रवाई की गई.

बैजनाथपारा में अतिक्रमण पर वसूला जुर्माना

रायपुर नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने राजधानी में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे टीम प्रहरी अभियान के तहत बैजनाथपारा मुख्य मार्ग पर कार्रवाई की. अभियान का उद्देश्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाना है. पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम के नगर निवेश विभाग, यातायात पुलिस और उड़नदस्ता टीम ने अभियान चलाया. अभियान के दौरान बैजनाथपारा मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों की वीडियोग्राफी कराई गई. संबंधित दुकानदारों को सड़क पर सामान रखकर मार्ग बाधित नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी गई. निगम ने कहा कि भविष्य में सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए संबंधित दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होंगे. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल 31,500 रुपए का ई-चालान वसूला गया. नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक लगातार चल रहे टीम प्रहरी अभियान से शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिल रही है.

देवेंद्रनगर में फ्रंट एमओएस का अवैध निर्माण हटाया

जोन क्रमांक 2 के नगर निवेश विभाग ने देवेंद्रनगर सेक्टर-5 में बिना अनुमति फ्रंट एमओएस में किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की. नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नियमानुसार प्रक्रिया के तहत यह निर्माण हटाया गया. कार्रवाई जोन 2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई. इस दौरान कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे और उप अभियंता नगर निवेश अंजलि बारले सहित संबंधित टीम मौजूद रही. नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद शहर में संपत्तिकर वसूली, अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान को लेकर सख्ती का संकेत मिला है। निगम अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे संपत्तिकर की बकाया राशि समय पर जमा करें और बिना अनुमति निर्माण अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने से बचें.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Chhattisgarh High Court News: वरिष्ठता के आधार पर उच्च पद का प्रभार पाने का अधिकार नहीं, याचिका खारिज

ज़रूर पढ़ें