NEET छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा को तैयार सरकार, अमित शाह ने ओम बिरला को लिखा पत्र
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
Amit Shah writes to Om Birla: NEET परीक्षा को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने संसद में चर्चा के लिए सहमति जताई है. केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा है कि सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है.
12 अगस्त 2026 को लिखे पत्र में अमित शाह ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सरकार की ओर से NEET परीक्षा पर छात्र आंदोलन के मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए सहमति दी है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विपक्ष के आग्रह पर ही पहले से संसद के मौजूदा सत्र में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन विपक्ष के किसी सांसद ने NEET परीक्षा के संबंध में सदन में कोई विचार व्यक्त नहीं किया.
गृहमंत्री ने मांगा चर्चा के लिए समय
अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा कर इस मुद्दे पर पर्याप्त समय आवंटित किया जाए. उन्होंने कहा कि वे निर्धारित समय के दौरान सदन में उपस्थित रहकर चर्चा में भाग लेना और विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देना चाहते हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘मेरी मां ने लंबी जिंदगी जी, लेकिन मुझे अब भी उनकी याद…’, दिवंगत मां को याद कर भावुक हुए पीएम मोदी
लोकसभा स्पीकर से चर्चा कराने की अपील
अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर से अनुरोध करते हुए कहा कि आप विपक्ष से चर्चा कर, आपसी सहमति से आज से जितने समय, जितने घंटे आप उचित समझें, उतना समय आवंटित करने की कृपा करें. लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलता है. मेरा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है. आपसे आग्रह है कि विपक्षी नेताओं से चर्चा करके महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा कराने की कृपा करें.
गोली चलाने का आदेश किसने दिया?: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सरकार से सवाल करते हुए कहा था कि क्या हमारे बच्चों पर गोली चलाने का आदेश अमित शाह ने दिया था? अगर उन्होंने ऐसा किया है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. पिछले 20 दिनों से अमित शाह गायब हैं. भारत के गृह मंत्री में हिम्मत नहीं है. वे सदन में नहीं आ सकते.