जेब में नहीं है ATM कार्ड? चिंता मत कीजिए, अब मोबाइल और UPI से निकालें एटीएम से कैश, जानें आसान प्रोसेस
बिना ATM कार्ड के कैश कैसे निकालें
UPI Cash Withdrawal Process: आज के डिजिटल दौर में नई तकनीक और व्यवस्था की वजह से लोगों के रोजमर्रा के काम बहुत आसान हो गए हैं. अब जब भी किसी को पेमेंट करना होता है, तो हम तुरंत UPI के जरिए पैसे भेज भी सकते हैं और मंगा भी सकते हैं. इस आधुनिक सुविधा के कारण लोगों को पैसे के लेनदेन के लिए बैंक जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
हालांकि, आज भी कई लोग ATM से ही नकद पैसे निकालना पसंद करते हैं. आमतौर पर एटीएम मशीन से पैसे निकालने के लिए एटीएम कार्ड की जरूरत होती है, लेकिन अब आप बिना कार्ड के भी अपने मोबाइल फोन से सिर्फ QR कोड स्कैन करके एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं. आइए जानते हैं कि यूपीआई के जरिए एटीएम से पैसे निकालने का पूरा तरीका क्या है.
ATM से UPI के जरिए कैश कैसे निकालें?
- सबसे पहले ATM machine की स्क्रीन पर दिख रहे ‘UPI Withdrawal’ के विकल्प को चुनें.
- अब आपको जितनी पैसे की जरूरत है, उतनी राशि मशीन में दर्ज करें.
- इसके बाद एटीएम की स्क्रीन पर एक बार इस्तेमाल होने वाला ‘डायनामिक QR कोड’ दिखाई देगा.
- फिर अपने मोबाइल में कोई भी UPI ऐप खोलें और ‘Scan QR Code’ वाले ऑप्शन पर क्लिक करें.
- इसके बाद मोबाइल ऐप से एटीएम मशीन की स्क्रीन पर दिख रहे क्यूआर कोड को स्कैन करें.
- अब आपको अपने फोन में अपना सीक्रेट UPI PIN दर्ज करना होगा.
- पिन डालने और ट्रांजैक्शन पूरा होने के बाद एटीएम से नकद पैसे बाहर आ जाएंगे, जिन्हें आप ले सकते हैं.
ट्रांजैक्शन सफल होते ही आपके यूपीआई ऐप पर पेमेंट का कन्फर्मेशन मैसेज आ जाएगा और एटीएम मशीन से रसीद भी मिल जाएगी.
ये भी पढ़ें-SBI ग्राहकों को बड़ा झटका! 1 अक्टूबर से 4 बार से ज्यादा कैश निकालने पर लगेगा चार्ज, जानें पूरी डिटेल
इस सुविधा से क्या फायदे हैं?
इस सुविधा में असली एटीएम कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे कार्ड का डेटा चोरी होने या नकली कार्ड बनने जैसे धोखे का डर पूरी तरह खत्म हो जाता है. साथ ही पैसे निकालने के लिए हर बार एक नया और सुरक्षित QR कोड बनता है, जो सुरक्षा को दोगुना कर देता है. इसे इस्तेमाल करना बहुत ही आसान है. आप किसी भी ऐसे बैंक या ATM पर जाकर UPI के जरिए पैसे निकाल सकते हैं जहां यह सुविधा चालू है. यह तरीका उन नए खाताधारकों के लिए सबसे बेहतरीन है, जिनका बैंक अकाउंट तो खुल गया है लेकिन अभी तक उनका एटीएम कार्ड बनकर घर नहीं आया है.