Ambikapur News: INC मान्यता पर घिरा लक्ष्य नर्सिंग कॉलेज, छात्राओं ने निकाली रैली, कालेज प्रबंधन बोला-स्टूडेंट्स को किया जा रहा गुमराह
नर्सींग छात्राओं का विरोध प्रदर्शन
Ambikapur News: सीतापुर स्थित लक्ष्य नर्सिंग कॉलेज में इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की मान्यता को लेकर विवाद गहरा गया है. मान्यता को लेकर असमंजस से नाराज छात्राओं ने मंगलवार को सीतापुर में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया. इसके बाद छात्राएं कॉलेज के सामने पहुंचीं और जमकर नारेबाजी की.
नर्सिंग छात्राओं का हंगामा
छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज में एडमिशन के दौरान प्रबंधन की ओर से उन्हें इंडियन नर्सिंग काउंसिल से मान्यता होने की जानकारी दी गई थी. अब मान्यता नहीं होने की जानकारी सामने आने के बाद छात्राओं को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है. उनका कहना है कि नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद यदि कॉलेज की मान्यता को लेकर समस्या रही तो नौकरी और आगे की पढ़ाई में दिक्कत हो सकती है. छात्राओं ने इससे पहले सोमवार को कलेक्टर से मुलाकात कर भी अपनी समस्या रखी थी. उनका कहना है कि जब तक कॉलेज की मान्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.
कॉलेज प्रबंधन बोला- INC की मान्यता जरूरी नहीं
कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों के आरोपों को लेकर अलग पक्ष रखा है. लक्ष्य नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर अरुण गुप्ता का कहना है कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल की मान्यता जरूरी नहीं है. उनके मुताबिक, इसके बिना भी कॉलेज से पास आउट छात्र देश के किसी भी हिस्से में नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं. पहले कालेज को INC से मान्यता थी लेकिन अब नहीं है, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के 120 से अधिक नर्सिंग कालेज को INC की मान्यता नहीं है. INC ने भी खुद कहा है कि किसी कालेज को यह जरूरी नहीं है कि उनसे सर्टिफिकेट ले.
कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि प्रदेश के 100 से अधिक नर्सिंग कॉलेजों की INC से मान्यता नहीं है और काउंसिल ने कई कॉलेजों की मान्यता निरस्त की है. प्रबंधन का कहना है कि सरकार और कोर्ट के आदेशों के आधार पर छात्रों को स्थिति समझाई जा रही है.
मान्यता को लेकर आमने-सामने छात्र और प्रबंधन
एक तरफ छात्राएं INC की मान्यता को अपने भविष्य से जोड़ते हुए लगातार विरोध कर रही हैं, तो दूसरी तरफ कॉलेज प्रबंधन इसे अनिवार्य नहीं बता रहा है. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि लक्ष्य नर्सिंग कॉलेज की मान्यता की वास्तविक स्थिति क्या है और यहां अध्ययनरत छात्रों के भविष्य पर इसका क्या असर पड़ेगा. फिलहाल छात्राओं का प्रदर्शन जारी है और कॉलेज प्रबंधन मामले को संभालने की कोशिश कर रहा है.