Singrauli: BJP विधायक रामनिवास शाह की कार की फायर ब्रिगेड से हो रही थी धुलाई? वीडियो वायरल
सिंगरौली: फायर ब्रिगेड से कार धोने का वीडियो हुआ वायरल
Singrauli Car Washing Video: मध्य प्रदेश के सिंगरौली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक कार को फायर ब्रिगेड के पानी से धोया जा रहा है. कहा जा रहा है कि ये बीजेपी विधायक रामनिवास शाह की कार है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला सिंगरौली के बिलौंजी स्थित शासकीय आवास का बताया जा रहा है. जहां चार लोग कार को फायर ब्रिगेड से धोते हुए नजर आ रहे हैं. इस वीडियो में एक व्यक्ति खाकी ड्रेस में दिखाई दे रहा है. इसके अलावा तीन अन्य लोग भी हैं. वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि सरकारी संसाधनों का किस तरह निजी उपयोग में इस्तेमाल किया जा रहा है.
सिंगरौली में बीजेपी के माननीय विधायक जी की कार वाशिंग फ़ायर ब्रिगेड की गाड़ी से हो रही है pic.twitter.com/CM0YBheLMz
— Brajesh Rajput (@drbrajeshrajput) August 25, 2026
विधायक की ओर से नहीं आया बयान
इस पूरे मामले में विधायक राम निवास शाह की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. सिंगरौली जिले के बिंजौली में बीजेपी विधायक रामनिवास शाह का शासकीय आवास स्थित है. नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक नगर निगन कमिश्नर सविता प्रधान ने वीडियो को लेकर कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है. इस बारे में दावा किया जा रहा है कि ये विधायक रामनिवास शाह की कार हो सकती है.
फिलहाल इस वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है. इसके साथ ही वीडियो किस तारीख का है, ये भी पता नहीं चल पाया. फायर ब्रिगेड जैसे सरकारी संसाधन का उपयोग निजी उपयोग के लिए नहीं किया जा सकता है, ये स्पष्ट है. इस पूरे मामले के सामने आने के बाद लोग जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है.