Indore: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से नाराज हैं विवेक तन्खा? एक पोस्ट ने खोल दी कांग्रेस की एकजुटता की पोल!

Vivek Tankha Social Media Post: इंदौर में 12 सितंबर को होने वाला राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम अब 19 सितंबर को होगा. जिसमें वह छात्रों से बातचीत करेंगे. ये कार्यक्रम इससे पहले दूसरे राज्यों में भी हुआ है जिसमें पुणे, कोटा, प्रयागराज जैसे शहर शामिल हैं.
Rahul Gandhi chhatro ki gunj program Vivek tankha social media post

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा

Vivek Tankha Social Media Post: एमपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने मध्य प्रदेश मे सियासी पारा बढ़ा दिया है. राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम से पहले आखिर विवेक तन्खा को यह सोशल मीडिया पोस्ट क्यों करना पड़ा? और अब इस पोस्ट की वजह से कांग्रेस के खेमे को लेकर सवाल क्यों उठने लगे हैं? ये विस्तार से समझने की जरूरत है.

अब 12 की जगह 19 सितंबर को होगा कार्यक्रम

इंदौर में 12 सितंबर को होने वाला राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 19 सितंबर को होगा. जिसमें वह छात्रों से बातचीत करेंगे. ये कार्यक्रम इससे पहले दूसरे राज्यों में भी हुआ है जिसमें पुणे, कोटा, प्रयागराज जैसे शहर शामिल हैं. ये वही शहर हैं जहां छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने जाते हैं यानी की Gen-Z छात्रों से मिलने का सुनहरा मौका मिलता है.

विवेक तंखा की सोशल मीडिया पोस्ट की चर्चा

हालांकि, राहुल के कार्यक्रम के पहले ही विवेक तन्खा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ऐसा पोस्ट लिखा जो चर्चा का विषय बन गया. तन्खा ने लिखा, ‘मुझे खुशी है कि राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम इंदौर में होगा. इस कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस और युवा वर्ग खुश है. इस कार्यक्रम का आइडिया पीएसी बैठक में मैंने अपने प्रिय शहर जबलपुर महाकौशल की शान के लिए किया था, लेकिन जीतू पटवारी का प्रेम इंदौर था.’ अब इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम और जीतू पटवारी के निर्णय से विवेक नाराज हैं.

तन्खा के पोस्ट से समझें तो वे चाहते थे कि कार्यक्रम जबलपुर में हो, जबकि जीतू पटवारी इंदौर के आयोजन के पक्ष में थे. जाहिर है, आलाकमान की तरफ से इंदौर के प्रस्ताव पर ही मुहर लगाई गई. अब तन्खा के पोस्ट के बाद चर्चाएं तेज हैं कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता एकमत नहीं हैं.

इंदौर में जगह तलाश रही कांग्रेस

उधर कांग्रेस लगातार इंदौर में जगह की तलाश कर रही है. सरकार की तरफ से परमिशन न मिलने के कारण 12 तारीख को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित कार्यक्रम अब 19 सितंबर को होगा. अब देखना ये है कि क्या डेली कॉलेज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होता है या नेहरू स्टेडियम के लिए ही सरकार से मंजूरी मिल जाएगी?

ये भी पढ़ें: 12 सितंबर को इंदौर नहीं आएंगे राहुल गांधी, अब इस दिन होगा कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

वहीं दूसरी ओर छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए NSUI, यूथ कांग्रेस, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी की बैठकें इंदौर, भोपाल में चल रही हैं. इन सबके बीच तन्खा का एक्स पर पोस्ट मध्य प्रदेश कांग्रेस के भीतर नए विवाद की ओर इशारा कर रहा है. दतिया विधानसभा उपचुनाव की जीत के बाद जो कांग्रेस लगातार एकजुटता के दावे कर रही थी. विवेक तन्खा के पोस्ट ने इन एकजुटता के दावों पर सवाल तो उठा ही दिए हैं.

ज़रूर पढ़ें