सागर शराब कांड में करणी सेना का संभागीय अध्यक्ष चंदू राजा ही सरगना? ठेकेदार पर भी लगे आरोप
सागर शराब मामले में मास्टरमाइंड गिरफ्तार!
Karni Sena Chandu Raja Under Scanner: सागर शराब कांड में एक के बाद एक कई बड़े खुलासे हो रहे हैं. अब विनायका थाना पुलिस ने दस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जिसमें करणी सेना के सागर संभाग के अध्यक्ष और सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रभान उर्फ चंदू राजपूत और आबकारी के ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा सहित 10 लोग शामिल हैं. यानी कि इस मामले में अब तक कुल 30 लोगों के नाम FIR दर्ज की जा चुकी है. वहीं, अब तक इस मामले में 14 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है.
इस पूरे मामले में सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस ने चंदू राजपूत और ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा को जहरीली शराब का निर्माता माना है. बता दें, चंन्द्रभान उर्फ चंदू राजा तितरवारा से सरपंच भी है. चंदू राजा का इलाके में अच्छा खासा प्रभाव है, यानी कहा जा सकता है कि इनकी इलाके में तूती बोलती है. वहीं सिद्धार्थ कुशवाहा के पास आबकारी विभाग का ठेका है.
जहरीली शराब बनाने का आरोप!
शुरुआती जांच में पाया गया कि दोनों आरोपियों के गांव में ही जहरीली शराब का निर्माण हो रहा था. बताया जा रहा है कि यही लोग जहरीली शराब का निर्माण कर लाइसेंसी शराब ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा के द्वारा लगातार इलाके में शराब की सप्लाई कराते थे. जिसके बाद शराब ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई के लिए भेजी जाती थी.
ये भी पढ़ेंः ‘सागर पुलिस भ्रामक सूचना फैला रही’, आबकारी विभाग ने कहा – ललितपुर में नहीं बन रही अवैध शराब
अब तक 14 आरोपियों पर शिकंजा
शराब जब गांवों में सप्लाई हो जाती तो वहां से लोगों तक पहुंचती थी. फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए चंदू राजा समेत 14 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया है. जहां कोर्ट ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में 15 लोगों की मौत हो चुकी है.