छत्तीसगढ़-ओडिशा के ‘पुष्पा’ के घर छापा, कैश देखकर उड़ जाएंगे आपके होश
महासमुंद. खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी एनओसी (NOC) मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार सरसीवां स्थित मकान में दबिश देकर तलाशी ली. इस दौरान पुलिस को मकान से 81 लाख रुपये की नगद राशि बरामद हुई है. बता दें कि इस पूरे मामले में विस्तार न्यूज ने एक विस्तृत रिपोर्ट बनाई थी.
पुलिस ने बरामद नगद रकम को जब्त कर लिया है. अब इस राशि के संबंध में बीएनएसएस की धारा 107 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है. पुलिस के अनुसार, यह धारा अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की से संबंधित है. बरामद रकम के स्रोत और मामले से उसके संबंध की जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी एनओसी से जुड़े इस मामले में पुलिस ने कुछ दिन पहले ही मनीष अग्रवाल को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की कड़ियों को जोड़ने के साथ ही आरोपी से जुड़े ठिकानों और संपत्तियों की जांच कर रही है. मकान से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद मामले की जांच और तेज हो गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 81 लाख रुपये की रकम कहां से आई और इसका अवैध लकड़ी परिवहन तथा फर्जी एनओसी मामले से क्या संबंध है.
इस पूरे मामले से जुड़ी ये खबर जरूर पढ़ेंः खैर, कत्था और काली दुनिया: तस्कर मनीष अग्रवाल का ‘पुष्पा’ स्टाइल क्राइम सिंडिकेट, AI से भी लगाई सेंध