MP Weather: एमपी में मानसून के 11 दिन शेष! अब तक 32.2 इंच बारिश, आखिरी हफ्ते में तेज बरसेंगे बादल
मौसम
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मानसून अब अंतिम दौर में पहुंच गया है. प्रदेश में अब तक औसतन 33.2 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश के कोटे का 89.3 प्रतिशत है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सीजन खत्म होने में करीब 11 दिन बाकी हैं. इस दौरान कुछ जिलों में तेज बारिश होने पर प्रदेश का बारिश का कोटा सामान्य स्तर तक पहुंच सकता है.
कई जिलों में बारिश अभी सामान्य से कम
इंदौर, धार, आलीराजपुर, रायसेन, विदिशा, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, सागर, उज्जैन, रतलाम और शाजापुर में अब तक सामान्य बारिश का 80 प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ है. इन जिलों में सामान्य आंकड़े तक पहुंचने के लिए अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश जरूरी होगी.
मऊगंज और निवाड़ी में दोगुने से ज्यादा बारिश
प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी ज्यादा हुई है. मऊगंज और निवाड़ी में सामान्य कोटे के मुकाबले दोगुने से अधिक पानी गिर चुका है. भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, छतरपुर, मैहर, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, शहडोल और उमरिया में भी सामान्य या उससे ज्यादा बारिश दर्ज हुई है.
22 सितंबर तक हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 22 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है. मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से बारिश का दौर बना हुआ है.
37.3 इंच है सामान्य बारिश का आंकड़ा
मध्य प्रदेश में मानसून के दौरान सामान्य बारिश करीब 37.3 इंच मानी जाती है. भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 38 से 39 इंच रहता है.
जून की कमी अब तक पूरी नहीं
जून में प्रदेश में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी. जुलाई और अगस्त में अच्छी बारिश के बावजूद जून की कमी पूरी नहीं हो सकी. मानसून में दो बार ब्रेक आने से भी बारिश प्रभावित हुई. फिलहाल प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में मानसून की विदाई से पहले बरसेंगे बादल! 21 सितंबर तक बारिश का दौर, जानें मौसम का हाल