‘ये सब दूसरे शहरों से बुलाए गए हैं’, राहुल गांधी के कार्यक्रम पर बोले विजयवर्गीय-DUSU चुनाव में हो गया इनका सूपड़ा साफ
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
kailash Vijayvargiya on Rahul Gandhi: इंदौर: 19 सितंबर का दिन कांग्रेस के लिए काफी बड़ा रहा. एक तरफ तो राहुल गांधी का इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम है. वहीं दूसरी ओर आज दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणाम सामने आ चुके हैं. अध्यक्ष पद पर मुकाबला काफी रोचक रहा जिसमें ABVP ने जीत दर्ज कर ली है. इसी बीच कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
विजयवर्गीय ने क्या कहा ?
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जहाँ-जहाँ ‘झूठ की गूंज’ सुनाई दे रही है, वहां-वहां कांग्रेस साफ हो रही है. राहुल गांधी पंजाब गए वहां सूपड़ा साफ, राजस्थान में सूपड़ा साफ हो गया. अब तो दिल्ली यूनिवर्सिटी में भी सूपड़ा साफ हो गया. आज दिल्ली यूनिवर्सिटी में चुनाव में कांग्रेस साफ हो गई. इसलिए राहुल गांधी की ‘झूठ की गूंज’ समाप्त हो रही है.
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर भी बोले
आज यानी कि 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम पर भी कैलाश विजयवर्गीय का बयान सामने आया. उन्होंने कहा कि जो इंदौर में छात्रों की थोड़ी-बहुत संख्या दिख रही है, उसमें आप पता लगा लें कि केवल इंदौर के नहीं हैं. ये सब अलग-अलग शहरों से बुलाए गए हैं. दिल्ली में ही राहुल गांधी का कोई असर नहीं हुआ तो इंदौर या अन्य जगहों पर कैसा जादू चलेगा.
बताते चलें कि, दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के अंतिम परिणामों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने तीन पदों पर जीत हासिल की है. इसके अलावा एक पद पर निर्दलीय उम्मीदवार ने भी जीत दर्ज की है. कांटे के मुकाबले में NSUI के हाथों निराशा लगी है. वह एक भी पद पर जीत हासिल नहीं कर पाई है.