Bhopal ट्रैफिक ACP विजय दुबे के घर में चोरी का मामला, राजस्थान और उज्जैन से 4 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल: ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के घर चोरी के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
Bhopal Crime News: भोपाल ट्रैफिक ACP विजय दुबे के घर पर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. राजस्थान के भीलवाड़ा और उज्जैन से चार आरोपी पकड़े गए हैं. वारदात को अंजाम देने के बाद दो चोर अपने घर पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस ने दबिश दी और गिरफ्तार कर लिया.
नकली नंबर प्लेट लगाकर चकमा दिया
भोपाल में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कालापीपल पहुंचे थे, जहां उन्होंने चाय पी थी. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि खुद की कार से राजधानी भोपाल पहुंचे थे. पुलिस को चकमा देने के लिए नंबर प्लेट को बदल दिया था. चोरी की घटना के बाद इंदौर पहुंचे बदमाशों ने फिर नंबर प्लेट बदली थी. चोरी का मास्टरमाइंड कोलार में रहता था. इसी के ठिकाने में चोरी की साजिश रची गई थी.
दिल्ली-राजस्थान में खोजबीन
चोरों की तलाश में मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान और दिल्ली में खोजबीन की गई. चोरों को खोजने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं. क्राइम ब्रांच और कोलार पुलिस की टीमों ने राजस्थान के भीलवाड़ा और उज्जैन से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. उज्जैन से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली कार को भी जब्त कर लिया है.
ये भी पढ़ें: MP के पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत! वर्दी में रील नहीं बना पाएंगे, AI पर डॉक्यूमेंट अपलोड करने पर रोक
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला कोलार थाना क्षेत्र के दानिश कुंज-2 इलाके का है. जहां 11 सितंबर को भोपाल ट्रैफिक ACP विजय दुबे के घर पर चोरी हो गई. जिस समय चोरी हुई उस वक्त एसीपी मुख्यमंत्री मोहन यादव की ड्यूटी पर तैनात थे. सूना घर देखकर आरोपियों ने लगभग 20 तोला सोना और 15 लाख रुपये चुरा लिए. अधिकारी ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी और शिकायत दर्ज कराई. चोरों को पकड़ने के लिए शहर के 10 थानों की पुलिस सक्रिय हो गई. सीसीटीवी खंगाले गए और जानकारी जुटाई गई.