गरबा में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर रामेश्वर शर्मा के बयान पर विवाद! मुस्लिम त्योहार कमेटी ने संघ प्रमुख को लिखा पत्र

Bhopal: रामेश्वर शर्मा ने मुस्लिम युवाओं के गरबा में आने और उन्हें लेकर कुछ टिप्पणियां की हैं. कमेटी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों के बयान का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है.
bhopal

भोपाल

Bhopal: भोपाल में गरबा आयोजनों में मुस्लिम समाज की भागीदारी को लेकर चल रहे विवाद के बीच मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखा है. 21 सितंबर 2026 को प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान (शानू) की ओर से लिखे पत्र में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के गरबा में मुस्लिम समाज की भागीदारी को लेकर दिए गए हालिया बयान का जिक्र किया गया है.

बयान को लेकर जताई आपत्ति

पत्र में कहा गया है कि मीडिया में प्रकाशित जानकारी के अनुसार रामेश्वर शर्मा ने मुस्लिम युवाओं के गरबा में आने और उन्हें लेकर कुछ टिप्पणियां की हैं. कमेटी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों के बयान का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है. गरबा एक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, इसलिए आयोजकों के नियमों का सम्मान करने के साथ सभी समुदायों के प्रति सार्वजनिक संवाद में सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना बनाए रखना जरूरी है.

मोहन भागवत से हस्तक्षेप की मांग

कमेटी ने पत्र में मध्यप्रदेश, विशेषकर भोपाल, को विभिन्न धर्मों और समुदायों के आपसी भाईचारे के लिए जाना जाने वाला क्षेत्र बताते हुए मोहन भागवत से इस विषय पर उचित स्तर पर मार्गदर्शन देने की मांग की है. कमेटी का कहना है कि धार्मिक आयोजनों को लेकर समाज में अनावश्यक दूरी या तनाव की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए.

कमेटी ने कहा- किसी आयोजन का विरोध उद्देश्य नहीं

जीशान रहमान ने पत्र में स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी धार्मिक आयोजन या किसी समुदाय की भावनाओं का विरोध करना नहीं है. उन्होंने संविधानसम्मत सामाजिक सद्भाव, आपसी सम्मान और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की अपील की है. रामेश्वर शर्मा के बयान को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया है.

यह भी पढ़ें –महादेव बेटिंग एप केस: ED का बड़ा एक्शन, EaseMy Trip प्रमोटर निशांत पिट्टी के 59.60 करोड़ के शेयर अटैच

ज़रूर पढ़ें