Mohan Cabinet Decision: 2800 MW बिजली खरीदेगी सरकार, 9061 करोड़ की परियोजना को मंजूरी, कैबिनेट में इन प्रस्तावों पर भी मुहर
Mohan Cabinet Decision: मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट मीटिंग हुई. करीब 9061 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं को निरंतरता की मंजूरी दी गई है. राजगढ़ की पार्वती नदी से जुड़ी सिंचाई परियोजना के लिए 262 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है
मोहन कैबिनेट मीटिंग
Mohan Cabinet Meeting Decision: मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार (22 सितंबर) को मंत्रालय में कैबिनेट मीटिंग हुई. कैबिनेट मीटिंग के निर्णयों की जानकारी मंत्री चेतन काश्यप ने दी. उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में मध्य प्रदेश ने देश भर में सर्वाधिक दीपक जलाकर कीर्तिमान बनाया है. पूरे प्रदेश में 3 करोड़ से भी ज्यादा दीये जलाए गए.
उन्होंने आगे कहा कि इसी क्रम में वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक सेवा संकल्प यात्रा भी निकाली जा रही है, जो कि मध्यप्रदेश से भी गुजरेगी.
इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
- मध्य प्रदेश में साल 2037 तक करीब 1900 मेगावाट बिजली की कमी का आकलन किया है. कैबिनेट ने 2800 मेगावाट थर्मल पावर खरीदने का फैसला लिया गया है.
- प्रदेश की हर विधानसभा में मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है. अगले 5 साल में करीब 960 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान है. करीब 140 विधानसभा क्षेत्रों में नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी है. कॉम्प्लेक्स में इनडोर और आउटडोर दोनों खेलों की सुविधा होगी. प्रत्येक कॉम्प्लेक्स में करीब 10 से 12 खेलों की सुविधाएं प्रस्तावित हैं. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हेलीपैड भी बनाया जाएगा. इसे एयर एंबुलेंस सेवा से जोड़ा जाएगा.
- इंदौर दंत चिकित्सा महाविद्यालय में बीडीएस सीटें 63 से बढ़ाकर 100 करने का निर्णय लिया गया है.
- करीब 9061 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं को निरंतरता की मंजूरी दी गई है. राजगढ़ की पार्वती नदी से जुड़ी सिंचाई परियोजना के लिए 262 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है. परियोजना पूरी होने पर करीब 40 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी. इसके साथ ही नीमच-जावद सिंचाई परियोजना के लिए 4197 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है.
ये भी पढ़ें: क्या दतिया में फिर होगा उपचुनाव? HC पहुंचा मामला, जानें क्या है विधायक घनश्याम सिंह पर आरोप
- सिंगरौली और रतलाम की हवाई पट्टियों को हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा. दोनों हवाई पट्टियों को उड़ान योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. यहां हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे.
- सुगम परिवहन योजना के तहत 25 सितंबर को 350 से ज्यादा बसें रवाना होंगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कार्यक्रम में शामिल होंगे. मार्च तक 1000 बसें, 2030-31 तक करीब 15 हजार बसें चलाने की योजना है.