MP में 25 सितंबर से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’, 7 शहरों से चलेंगी बसें, 700 पदों पर भर्ती भी शुरू
25 सितंबर से शुरू होगी सीएम सुगम परिवहन सेवा
Sugam Parivahan Seva Starts: भोपाल से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की शुरुआत होने जा रही है. मोहन सरकार की इस नई पहल से यात्रियों का सफर और भी ज्यादा आसान और सुगम हो जाएगा. बता दें कि पहले दिन कुल 351 बसों का संचालन किया जाएगा. ये बसें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, देवास, भिंड और कटनी से चलेंगी.
भविष्य के लिए सरकार का बड़ा लक्ष्य
परिवहन विभाग प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी बसों के संचालन को लेकर बड़ी तैयारी में है. सरकार मार्च 2027 तक 1,006 बसों के संचलन की तैयारी में है. वहीं सितंबर 2027 तक बसों की संख्या बढ़ाकर ढाई हजार करने का लक्ष्य है. इसके अलावा, साल 2031 तक पूरे प्रदेश भर में 15 हजार बसें संचालित की जाएंगी.
छोटे बस मालिकों को भी मिलेगा मौका
परिवहन विभाग ने इस पूरे प्रोजेक्ट को तैयार कर इसका रोडमैप मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंप दिया है. सरकार चाहती है कि शहरों और उनके आस-पास के उपनगरीय क्षेत्रों में बसें चलाने का काम सिर्फ बड़ी प्रोजेक्ट कंपनियों को ही न मिले, बल्कि छोटे बस मालिकों को भी इसमें बराबर का मौका और अधिकार मिले. सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में 252 सिटी रूट, 3,000 इंटरसिटी (एक शहर से दूसरे शहर) रूट और 436 इंटरस्टेट (अंतरराज्जीय) रूट बसें चलाने के लिए तय किए गए हैं.
प्रमुख शहरों के लिए तय किए गए रूट्स
25 सितंबर से शुरू होने वाली बसों के रूट की बात करें तो इंदौर शहर से 27 रूट, राजधानी भोपाल से 9 रूट, जबलपुर से 8, और रीवा से 4 रूट बनाए गए हैं. इसके अलावा, सागर से 3 रूट, ग्वालियर से 5 रूट और बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से 5 रूट तय किए गए हैं. विभाग द्वारा निर्धारित इन्हीं रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों का सफर आसान और पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक हो सकेगा.
ये भी पढ़ें-MP News: स्वामित्व योजना में पटवारी के नाम नहीं होगी रजिस्ट्री, मोहन सरकार का बड़ा फैसला
रोजगार का बड़ा मौका
बस परिवहन सेवा शुरू होने के साथ-साथ प्रदेश की 7 कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सागर में ये भर्तियां चालू हो गई हैं, जिन्हें आगामी 3 से 4 महीनों में पूरा कर लिया जएगा. सरकार के अनुसार, तकनीकी स्टाफ और अन्य श्रेणियों के 700 पदों पर भर्ती के लिए अब तक करीब 2 हजार से अधिक आवेदन आ चुके हैं. युवाओं के लिए रोजगार पाने का यह एक बेहतरीन और सबसे अच्छा मौका हो सकता है.