Jabalpur: वाहन चालकों को बड़ी राहत! शहपुरा टोल प्लाजा पर नहीं लगेगा टोल, ब्रिज की मरम्मत तक बंद रहेगी वसूली
टोल प्लाजा
Jabalpur Shahpura Toll Plaza: जबलपुर और भोपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 27 सितंबर दोपहर 12 बजे के बाद शहपुरा टोल प्लाजा से टोल वसूलने पर अस्थायी रोक लगा दी है. वाहन चालक इसे रोकने की लंबे वक्त से मांग कर रहे थे.
टोल वसूली क्यों रोकी गई?
दरअसल, जबलपुर-भोपाल हाईवे पर शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के पास एप्रोच रोड खराब है. यहां निर्माण कार्य भी चल रहा है. इसके चलते ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा रहा है. इससे यात्रियों और वाहन चालकों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है. यही, वजह है कि टोल वसूली रोकने का फैसला लिया गया है.
ये सुविधाएं जारी रहेंगी
टोल वसूली पर लगी रोक अस्थायी है. जैसे रेलवे ओवरब्रिज का एप्रोच रास्ता सही हो जाएगा. वैसे ही दोबारा टोल वसूली शुरू की जाएगी. इस सड़क का निर्माण मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPRDC) कर रहा है. शहपुरा टोल प्लाजा में टोल वसूली बंद रहने पर भी NHAI कई जरूरी सुविधाएं जारी रखेगा. यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, लाइटिंग जैसी व्यवस्था रहेगी. फास्ट टैग, NNPR और VIM सिस्टम की व्यवस्था भी रहेगी.
ये भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के शिष्य ने की आत्महत्या, Jabalpur के दीपक ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने लिखा था पत्र
मध्य प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहपुरा टोल प्लाजा में टोल वसूली पर रोक लगाने की बात कही थी. इस पर केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CRRI) और एक्सपर्ट्स ने पुल निरीक्षण किया था. इसके बाद मंत्री राकेश सिंह के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए टोल वसूली को बंद करने के निर्देश दिए थे.