‘पड़ोसी को बाप, भैया को सैंया बना लेते हैं…’, बागेश्वर बाबा के बयान पर विवाद, शाही इमाम बोले- माफी मांगें
पंडित धीरेंद्र शास्त्री
लुधियाना में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा चल रही है. इस कथा के दौरान उन्होंने कुछ टिप्पणियां की थी जिनको लेकर विवाद हो गया है. पंजाब के शाही इमाम मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी और पंजाब में क्रिश्चियन यूनाइटेड फेडरेशन के प्रेजिडेंट अल्बर्ट दुआ ने धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों पर एतराज जताया है. हालांकि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विवादों से पुराना नाता रहा है. हाल ही में वह मांस खाने को लेकर दिए गए बयान पर भी चर्चा में रहे थे.
लुधियाना में चल रही है हनुमंत कथा
दरअसल, बाबा बागेश्वर की लुधियाना में हनुमंत कथा चल रही है. इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथित तौर पर दोनों धर्मों को लेकर कुछ टिप्पणियां की. उन्होंने कहा कि जब आप सनातन धर्म में पैदा हुए हो तो हली-उल्लाह वालों के पास जाने की जरूरत नहीं. जो अपने पड़ोसी को बाप कहते हैं, भैया को सैंया बना लेते हैं, वह किसी काम के नहीं होते.
इसी बयान को लेकर बनी विवाद की स्थिति
बाबा बागेश्वर के इसी बयान को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है. लुधियाना के शाही इमाम ने मांग की है कि बाबा बागेश्वर मांफी मांगे, नहीं तो कानूनी कार्रवाई होगी. वहीं. क्रिश्चियन फेडरेशन के प्रेजिडेंट का कहना है कि शास्त्री जी अपने इमोशन पर थोड़ा लगाम रखें. क्या करना है, इसका फैसला कल करेंगे. उन्होंने पूरी क्रिश्चियन कम्युनिटी को लुधियाना में इकट्ठा होने को कहा है.
शाही इमाम ने क्या कहा…
शाही इमाम ने अपने बयान में कहा कि सबसे पहले बात तो ये है कि कोई भी धर्म प्रचारक, चाहे मैं होऊं या कोई और हो, उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह लोगों में आपसी भाईचारे, प्यार-मोहब्बत का संदेश दे. आप इस्लाम धर्म के बारे में नापाक इशारे करते हैं. स्टेज से यहां तक कहा जाता है कि ‘भैया को सैया बना लेते है’. यह एक ऐसी नापाक टिप्पणी है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. इस्लाम के अंदर इसकी कोई गुंजाइश नहीं है.
उन्होंने आगे कहा कि आपने इस दौरान यह भी कहा कि ‘लुधियाना के पागलो’. हो सकता है कि उस पंडाल में बहुत सारे लोग आपकी इस बात से शायद सहमत हों, लेकिन लुधियाना से ज्यादा समझदार लोग शायद भारत में कहीं नहीं. आप शायद भूल गए कि आप पंजाब में आए हो, जहां साईं मियां मीर जी ने हरिमंदिर साहिब की नींव रखी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ में 1 से 3 नवंबर तक चलेगा राज्योत्सव, मुख्य सचिव ने की स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा