Sagar Sharab Kand: सागर शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, बंडा थाने के 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी लाइन अटैच
बंडा थाने के 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी लाइन अटैच
रिपोर्ट – पारसराम साहू
Sagar Sharab Kand: सागर के बंडा में हुए शराब कांड से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. मामले के बाद पुलिस विभाग में लगातार कार्रवाई का दौर जारी है. इसी क्रम में एसपी ने बंडा थाने में पदस्थ 40 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है. इनमें एसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मी शामिल हैं. वहीं, बंडा थाने में नए पुलिसकर्मियों की पदस्थापना की गई है.
शराब कांड के बाद पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल
दरअसल, बंडा में हुए शराब कांड के बाद लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा थाने में पदस्थ दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया है. इसके साथ ही अनुभाग के अन्य थानों में भी नए पुलिसकर्मियों की पदस्थापना की गई है.
जारी की गई तबादला सूची में एसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं. वहीं, पुलिस लाइन में पदस्थ दर्जनों पुलिसकर्मियों को बंडा थाने के साथ ही अनुभाग के अन्य थानों में पदस्थ किया गया है. पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की ओर से यह तबादला सूची कानून व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जारी की गई है.
जिले के अन्य थानों में भी तबादले
बंडा थाने के अलावा जिले के अन्य थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों के भी तबादले किए गए हैं. कुछ पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि कुछ को एक थाने से दूसरे थाने में पदस्थ किया गया है. पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल को शराब कांड के बाद की जा रही कार्रवाई की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है.
बता दें कि बंडा शराब कांड में अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के कई अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा चुकी है. इस मामले में एसडीओपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को अब तक हटाया जा चुका है.
सीएम मोहन यादव ने दिए थे जांच के आदेश
सागर शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सख्त रुख अपनाया था. मुख्यमंत्री ने पूरे मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए थे. इसके साथ ही सागर संभाग के कमिश्नर और आईजी को तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया था. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दिलीप कुमार को सागर का नया संभागायुक्त और इरशाद वली को सागर का नया आईजी नियुक्त किया गया था. और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए थे.
ये भी पढे़ं- Sagar Liquor Tragedy: सागर शराब कांड में 30 हजार के इनामी आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली