3 घंटे चली बीजेपी कोर कमेटी की बैठक, 66 हारी सीटों पर BJP का फोकस, प्रभारी और सह प्रभारी ने किया मंथन
मध्य प्रदेश भाजपा की बैठक
Bhopal News: भोपाल में भाजपा कोर कमेटी की करीब तीन घंटे तक चली बैठक खत्म हो गई. बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि इसमें प्रदेश और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि कोर कमेटी की यह दूसरी बैठक थी, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और कमेटी के सदस्य मौजूद रहे.
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैठक में भाजपा के कामकाज, संगठन की दिशा, आने वाली चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर सभी नेताओं ने अपने विचार रखे. सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने को लेकर भी सुझाव आए. उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे विषय हैं, जिन पर सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है.
66 विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. पार्टी ने उन 66 विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस करने का फैसला किया है, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत नहीं मिली थी. इन क्षेत्रों में संगठन की स्थिति का आकलन कर बूथ, मंडल और विधानसभा स्तर पर काम को मजबूत किया जाएगा. बड़े नेताओं को भी इन क्षेत्रों की जिम्मेदारी दिए जाने पर चर्चा हुई.
कम अंतर से जीती सीटों की भी समीक्षा
इसके अलावा उन विधानसभा सीटों को लेकर भी मंथन किया गया, जहां भाजपा को पांच हजार या उससे कम मतों के अंतर से जीत मिली थी. ऐसे क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने तथा वोटों के अंतर को बढ़ाने के लिए क्षेत्रवार रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया. बैठक में आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई. संगठन की जमीनी गतिविधियों को बढ़ाने और सरकार-संगठन के बीच समन्वय बेहतर करने पर नेताओं ने अपने सुझाव रखे.
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक
कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव, सह प्रभारी रेखा वर्मा, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, मुख्यमंत्री समेत कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद पटेल सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. नए संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी इससे पहले तेलंगाना में संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और अब मध्य प्रदेश में काम शुरू कर चुके हैं.
बैठक से पहले प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
बैठक से पहले प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव भाजपा कार्यालय पहुंचे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया. इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल भी वहां मौजूद थे. माल्यार्पण के दौरान देव ने इशारे से कैलाश विजयवर्गीय को अपने पास बुलाया. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद बिप्लब देव पार्टी नेताओं के साथ कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए.
ये भी पढे़ं- 3 अक्टूबर को भोपाल आएंगे अमित शाह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 5 किमी का इलाका नो-फ्लाइंग जोन घोषित