MP Cabinet Decisions: पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, MP में विशेष कैबिनेट, सीएम ने गिनाईं उपलब्धियां
विशेष कैबिनेट बैठक
MP Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्य प्रदेश में विशेष कैबिनेट आयोजित की गई. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विशेष संकल्प प्रस्ताव पारित किया गया है. मुख्यमंत्री ने मोदी के नेतृत्व को देश की राजनीति में ऐतिहासिक बताते हुए गरीब कल्याण, आर्थिक सुधार, राष्ट्रीय सुरक्षा, तकनीक और अंतरिक्ष कार्यक्रमों का उल्लेख किया. उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले केंद्र में गठबंधन की राजनीति का दौर था और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना बड़ी चुनौती माना जाता था. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने लगातार दो बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया. उन्होंने कहा कि देश में गरीब कल्याण के तहत करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने नोटबंदी, जीएसटी में सुधार, तीन तलाक पर प्रतिबंध और जनविश्वास अधिनियम को बड़े बदलावों के रूप में गिनाया. उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में करीब 900 कानून हटाए गए हैं.
डॉ. यादव ने नीति आयोग के गठन, सेमीकंडक्टर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता को बढ़ावा देने, स्टार्टअप और नई शिक्षा नीति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश ने अंतरिक्ष विज्ञान में मंगलयान और चंद्रयान जैसी उपलब्धियां हासिल की हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भारत की नीति में बदलाव आया है.
कर्मचारियों की डीपीसी पर मुख्यमंत्री का ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों की विभागीय पदोन्नति समिति यानी डीपीसी को लेकर भी अहम जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में एक साल के भीतर दो साल की डीपीसी की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है और मंगलवार से फिर डीपीसी शुरू होगी. इससे पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
शिवराज की नाराजगी और ओबीसी आरक्षण पर भी बोले
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नाराजगी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों से रिपोर्ट मंगाई गई है. मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार संवेदनशील है और जांच के बाद दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा. ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले का परीक्षण कराया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस को घेरा और कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जीतना और हारना प्रक्रिया का हिस्सा है. उन्होंने विपक्ष से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा रखने की बात कही.
ये भी पढे़ं- ‘अराजकता फैला रहे राहुल गांधी…’, CJP प्रोटेस्ट के बीच CM मोहन यादव ने नेता प्रतिपक्ष को लेकर ये क्या कह दिया?