उज्जैन से शुरू होगी दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्‍वाभिमान यात्रा’, पहले चरण में किन रूट से जाएगी, देखें रूट

MP News: भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन (शिवधाम) से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या (रामधाम) तक प्रारंभ होने वाली ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के प्रथम चरण का आधिकारिक मार्ग जारी कर दिया गया है.
Digvijaya Singh Yatra (File photo)

दिग्विजय सिंह यात्रा (फाइल फोटो)

MP News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में आगामी 20 अक्टूबर 2026 को विजयदशमी के पावन अवसर पर भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन (शिवधाम) से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या (रामधाम) तक प्रारंभ होने वाली ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के प्रथम चरण का आधिकारिक मार्ग जारी कर दिया गया है. प्रथम चरण की पदयात्रा 20 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक मध्य प्रदेश के उज्जैन, शाजापुर, राजगढ़ एवं गुना जिलों के विभिन्न नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरेगी.

यात्रा का शुभारंभ 20 अक्टूबर को उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन एवं पूजन-अर्चन के साथ होगा. इस अवसर पर नृसिंह घाट के समीप बालाजी गार्डन में विश्व कल्याणार्थ असंख्य पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, पूजन-अभिषेक, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. इसके पश्चात दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पदयात्रा प्रारंभ होगी.

प्रथम चरण का तारीखवार यात्रा मार्ग

  • 20 अक्टूबर: उज्जैन से पदयात्रा का शुभारंभ, रात्रि विश्राम तराना रोड, उज्जैन
  • 21 अक्टूबर: उज्जैन से ताजपुर जोड़ होते हुए सिंदुरिया
  • 22 अक्टूबर: सिंदुरिया से तराना
  • 23 अक्टूबर: तराना से सिद्धिपुर होते हुए देवाखेड़ा-जूनापानी जोड़
  • 24 अक्टूबर: देवाखेड़ा से करेड़ी माताजी मंदिर होते हुए शाजापुर
  • 25 अक्टूबर: शाजापुर से पनवाड़ी
  • 26 अक्टूबर: पनवाड़ी से सारंगपुर
  • 27 अक्टूबर: सारंगपुर से तुकोगंज होते हुए गुलावता
  • 28 अक्टूबर: गुलावता से खजनेर
  • 29 अक्टूबर: खजनेर से करेड़ी
  • 30 अक्टूबर: करेड़ी से राजगढ़
  • 31 अक्टूबर: राजगढ़ से कालीपीठ
  • 1 नवंबर: कालीपीठ से नयापुरा जोड़
  • 2 नवंबर: नयापुरा जोड़ से चाचौड़ा होते हुए बीनागंज
  • 3 नवंबर: बीनागंज से घाटाखेड़ी
  • 4 नवंबर: घाटाखेड़ी से सागर ग्राम
  • 5 नवंबर: सागर ग्राम से पाटई आश्रम, राघौगढ़

5 नवंबर को प्रथम चरण की पदयात्रा पाटई आश्रम पहुंचने के पश्चात दीपावली पर्व के अवसर पर पांच दिवसीय अवकाश रहेगा.

सत्य, धर्म, न्याय और स्वाभिमान का संदेश लेकर निकलेगी यात्रा

‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल आदर्शों सत्य, न्याय, सदाचार, करुणा और स्वाभिमान के प्रति जनजागरण करना तथा धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के दान एवं चढ़ावे के उपयोग में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है.

यात्रा के दौरान विभिन्न नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, धर्मावलंबियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा. यात्रा के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, धार्मिक आस्था के सम्मान और सत्य एवं न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया जाएगा.

यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान

‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के आयोजकों ने सभी सनातन धर्मावलंबियों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, मातृशक्ति एवं आम नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा का स्वागत करने तथा सत्य, धर्म, न्याय और स्वाभिमान के इस संकल्प में सहभागी बनने का सादर आह्वान किया है.

यात्रा के निर्धारित मार्ग, कार्यक्रम, रात्रि विश्राम स्थलों एवं सहभागिता संबंधी अन्य जानकारियों के लिए 0755-2441788 एवं 0755-2441790 पर संपर्क किया जा सकता है.

ये भी पढे़ं- मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने दिग्विजय सिंह को बताया ‘कालनेमि’, बयानों को लेकर साधा निशाना

ज़रूर पढ़ें