MP के स्थापना दिवस की तीन दिनों तक रहेगी धूम, मोनाली-मामे खान बांधेंगे समां, 102 छात्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के बारे में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने दी जानकारी
Madhya Prdesh 71th Foundation Day: मध्य प्रदेश इस साल 71वां स्थापना दिवस मनाएगा. इसके लिए भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. ये प्रोग्राम 1 नवंबर से लेकर 3 नवंबर 2026 तक चलेंगे. इस बार की थीम ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ रखी गई है. राज्योत्सव के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मोहन यादव होंगे. सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, विरासत और अलग-अलग विषयों से जुड़े कार्यक्रमों की झलक देखने को मिलेगी. इसके साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
सीएम डॉ. मोहन यादव 1 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे राज्योत्सव कार्यक्रम के तहत लगाई गई विकास प्रदर्शनियों को उद्घाटन करेंगे. ये प्रदर्शनी कृषि, विकास, महिला उद्यमिता और देशज व्यंजन पर आधारित है. वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ शाम 6.30 बजे होगा. राज्योत्सव कार्यक्रम की जानकारी संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने दी है.
102 छात्रों को 1-1 लाख की छात्रवृत्ति
भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत प्रदेश के 102 छात्रों को 1-1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी. इन स्टूडेंट्स का चयन प्रतियोगिता के आधार पर किया गया है. खंडवा जिले सेर्वाधिक छात्रों का चयन हुआ है. वहीं, किसानों के लिए आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा. इनमें से चयनित विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट और 55 ई-स्कूटी दी जाएगी. हर जिले से तीन-तीन विजेताओं को चुना गया है.
ये भी पढ़ें: MP में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर! रीवा-सागर संभाग में 7 डिग्री तक गिरा पारा, इन जिलों में हेवी रेनफॉल का अलर्ट
लोक कलाओं की दिखेगी झलक
राज्योत्सव कार्यक्रम में लोक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी. करमा, सैला, भगोरिया, बधाई, मटकी और काठी समेत दूसरे लोक नृत्यों की झलक देखने को मिलेगी. ये कार्यक्रम 2 नवंबर 2026 को होगा. वहीं, राजस्थान शैली के सुप्रसिद्ध गायक मामे खान प्रस्तुति देंगे. वहीं, बॉलीवुड की फेमस सिंगर मोनाली ठाकुर अपने सुरों की जलवा बिखेरेंगी. अन्य राज्यों के कलाकार घूमर (राजस्थानी लोक नृत्य), भांगड़ा (पंजाबी फोक डांस), पंथी और लेझिम जैसे पारंपरिक नृत्य देखने को मिलेंगे.