उज्जैन में होटल का चैंबर बना नरक का द्वार! जहरीली गैस से 4 कर्मचारियों की मौत, CPR के बाद भी नहीं बची जान
उज्जैन: होटल श्री गंगा में चैंबर की सफाई करने उतरे चार लोगों की मौत
Ujjain Hotel Gas Leak Accident: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार (31 अक्टूबर) देर रात बड़ा हादसा हो गया. देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक इनमें से दो कर्मचारी अन्य दो को बचाने के लिए चैंबर में उतरे थे लेकिन वे दोनों भी काल के गाल में समा गए. दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बचाया नहीं जा सका.
कैसे हुआ उज्जैन का दर्दनाक हादसा?
उज्जैन पुलिस के मुताबिक होटल श्री गंगा के दाईं ओर मिठाई, डेयरी प्रोडक्ट और दूसरे सामान का वेस्टेज चैंबर था. इस चैंबर की सफाई करने के लिए कुछ कर्मचारी शनिवार रात करीब 10.30 बजे इसमें उतरे थे. बताया जा रहा है कि चैंबर की गहराई ज्यादा होने और वहां कचरे के कारण बनी गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल पाए. इस मामले की खबर मिलते ही होटल का अन्य स्टाफ और कर्मचारी मौके पर पहुंचे.
इस मामले की सूचना पुलिस और राहत एवं बचाव दल को दी गई. कर्मचारियों को रेस्क्यू करने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके बाद चैंबर को इलेक्ट्रिक कटर से काटा गया. इसके बाद कर्मचारियों को बाहर निकाला गया.
CPR के बाद भी नहीं बची जान
कर्मचारियों को चैंबर से बाहर निकलने के बाद उन्हें CPR दिया गया. चारों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि कई अन्य लोग घायल हुए हैं.
ये भी पढ़ें: देवास शराब कांड में बड़ा एक्शन, कांग्रेस नेता का बेटा अमन कासलीवाल गिरफ्तार, केमिकल सप्लाई करने का आरोप
पुलिस ने केस दर्ज किया
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों कर्मचारियों की मौत जहरीली गैस से हुई है. गहन जांच के बाद मालूम चलेगा कि असली कारण क्या है? माधव नगर थाना में इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कर्मचारियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई. चैंबर में जाने से पहले सुरक्षा मानकों का इस्तेमाल किया गया था या नहीं.
इन चार लोगों की हुई मौत
कमलेश (पिता सोहनलाल) निवासी- वाल्मीकि नगर, उज्जैन
नितिन (पिता ताराचंद) निवासी- वाल्मीकि नगर, उज्जैन
वाहिद, निवासी-सोमवारिया , उज्जैन
मनोज मीणा, निवासी-झालावाड़, राजस्थान