CG News: NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जबरदस्त भिड़ंत, 6 की मौके पर मौत
NH-30 पर भीषण सड़क हादसा
CG News: बीती रात कांकेर जिले के नेशनल हाईवे-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. ये पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव का है, जहां दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
दो कारों की जबरदस्त भिड़ंत, 6 की मौके पर मौत
इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज कांकेर में भर्ती कराया गया है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा. कांकेर एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
इस मामले में एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों की टक्कर हुई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हैं, जिनका उपचार जारी है. फिलहाल हादसे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. घायलों के बयान के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें- CG News: मेंटल हास्पिटल में भर्ती मरीज की हत्या, जांच में जुटी पुलिस, जानें पूरा मामला
CM विष्णु देव साय ने जताया दुख
इस घटना पर CM विष्णु देव साय ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि कांकेर जिले के नाथिया नवागांव के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. दुर्घटना में एक ही परिवार के 6 लोगों के निधन के समाचार से मन अत्यंत व्यथित है. मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. दुर्घटना के घायलों का बेहतर उपचार किया जा रहा है। मैं सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.