CG News: अंतराराष्ट्रीय रिसर्च से IPS डॉ. संतोष कुमार सिंह को मिली नई पंहचान, अजीत डोभाल ने की काम की सराहना
आईपीएस संतोष कुमार सिंह और अजीत डोभाल
CG News: छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी और रायपुर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने अपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक उपलब्धि से न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश का मान बढ़ाया है. उनकी हाल ही में प्रकाशित रिसर्च बुक को देश के शीर्ष स्तर पर सराहना मिली है, जिससे उनकी बौद्धिक क्षमता और शोध कार्य की व्यापकता सामने आई है.
अजीत डोभाल और PMO ने की सराहना
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने भी उन्हें पत्र लिखकर उनके शोध की प्रशंसा की है. इस सराहना को प्रशासनिक सेवा के साथ अकादमिक उत्कृष्टता के दुर्लभ उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय विषय पर आधारित है रिसर्च
डॉ. सिंह की पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” वैश्विक स्तर पर शांति स्थापना से जुड़े अहम विषय पर केंद्रित है. इसमें अफ्रीकी देशों सिएरा लियोन और बुरुंडी में संयुक्त राष्ट्र की शांति निर्माण प्रक्रिया और उसकी संस्थागत कार्यप्रणाली का गहराई से विश्लेषण किया गया है.
संघर्षग्रस्त देशों में शांति की चुनौतियां
इस शोध में संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित करने की जटिलताओं और उनसे निपटने के संस्थागत उपायों को विस्तार से समझाया गया है. यही वजह है कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय संबंधों और शांति अध्ययन से जुड़े विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री मानी जा रही है.
डोभाल ने बताया नए दृष्टिकोण की जरूरत
अजीत डोभाल ने अपने पत्र में इस शोध को गहन और प्रभावी बताते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में इस तरह के नए दृष्टिकोण की बेहद जरूरत है. उन्होंने माना कि यह कार्य संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों को समझने में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है.
युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण
डॉ. संतोष कुमार सिंह की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ अकादमिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है. उनका यह कार्य न केवल नीति-निर्माताओं बल्कि युवाओं और शोधकर्ताओं के लिए भी प्रेरणादायक है. यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि राज्य का एक अधिकारी अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह की पहचान बना रहा है.
ये भी पढे़ं- Census in CG: छत्तीसगढ़ में इन सरकारी कर्मचारियों को नहीं मिलेगी छुट्टी! राज्य सरकार ने जारी किया आदेश