मैत्रीबाग में ‘कूल’ इंतजाम! टाइगर से लेकर बंदरों तक गर्मी में सबको मिल रही ठंड से राहत
व्हाइट टाइगर
Maitri Bagh Zoo: छत्तीसगढ़ में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों के साथ-साथ वन्य प्राणियों की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तापमान जहां पिछले साल 38 डिग्री था, वहीं इस बार 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. ऐसे में दुर्ग ज़िले में स्थित मैत्री बाग में जानवरों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
मैत्री बाग में जानवरों के लिए किए गए खास इंतजाम
दरअसल, जू प्रबंधन ने बंदरों और पक्षियों के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया है, जिससे उन्हें ठंडी फुहार मिल रही है. हिरणों के लिए बनाए गए लॉन में फव्वारे चालू कर दिए गए हैं, जहां वे पानी के बीच रहकर गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं. वहीं, सबसे ज्यादा संवेदनशील माने जाने वाले व्हाइट टाइगर के लिए कूलर लगाने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल उन्हें स्प्रिंकलर के जरिए ठंडा रखा जा रहा है. मैत्रीबाग में करीब 400 वन्य प्राणी हैं, जिनकी देखभाल भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी विभाग द्वारा की जाती है. हर साल अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में गर्मी से बचाव के उपाय शुरू किए जाते हैं, लेकिन इस बार बढ़ती गर्मी को देखते हुए तैयारियां पहले से ज्यादा तेज कर दी गई हैं.
ये भी पढ़ें- Census in CG: छत्तीसगढ़ में इन सरकारी कर्मचारियों को नहीं मिलेगी छुट्टी! राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
शेर और भालू को दिया जा रहा ठंडा मांस
जानवरों के खान-पान का भी खास ध्यान रखा जा रहा है. शेर और भालू को ठंडा मांस दिया जा रहा है, जबकि बंदरों और अन्य जानवरों को तरबूज और खरबूज जैसे रसीले फल खिलाए जा रहे हैं. इसके साथ ही बाड़ों के बाहर कूलर लगाने और धूप से बचाव के लिए हरे रंग के नेट भी लगाए जा रहे हैं.
पर्यटकों के लिए भी ठंडे और स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गई है. मैत्रीबाग प्रबंधन इस तपती गर्मी में वन्य प्राणियों को हर संभव राहत देने में जुटा हुआ है.