CG News: रायपुर में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, रेत और बोल्डर से लदे 8 हाईवा वाहन जब्त
विभाग ने जब्त किए 8 हाइवा वाहन
CG News: रायपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान रेत और बोल्डर का परिवहन कर रहे 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया.
जांच अभियान में कई वाहन पकड़े गए
खनिज विभाग की टीम ने उप संचालक खनि प्रशासन राजेश मालवे और सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के निर्देशन में विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया. इस दौरान नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे 6 हाइवा तथा तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर का परिवहन कर रहे 2 हाइवा वाहनों को रोका गया और उनके दस्तावेजों की जांच की गई.
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक
जांच के समय वाहन चालकों से खनिज परिवहन संबंधी आवश्यक और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई भी चालक निर्धारित कागजात उपलब्ध नहीं करा सका. इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने सभी वाहनों को अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त मानते हुए जब्त कर लिया.
थानों की सुपुर्दगी में सौंपे गए वाहन
कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त वाहनों को उपरवारा थाना और माना थाना की निगरानी में सौंप दिया गया है. विभाग का कहना है कि संबंधित मामलों में खनिज नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभियान आगे भी रहेगा जारी
खनिज विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे. विभाग का कहना है कि प्रदेश में अवैध उत्खनन को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ भी एक्शन लिया जा रहा है.
ये भी पढे़ं- CG News: छत्तीसगढ़ में पिकअप चालक हड़ताल पर, भाड़ा दर बढ़ाने की मांग को लेकर पुरानी कृषि उपज मंडी में धरना