Bastar: सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, 2 इनामी माओवादियों ने छोड़े हथियार, 39.77 लाख कैश भी बरामद
बीजापुर में 2 इनामी नक्सलियों का सरेंडर
Bastar: छत्तीसगढ़ का बस्तर माओवादमुक्त तो हो गया है लेकिन अभी भी बस्तर के जंगलों, पहाड़ों से माओवादियों द्वारा छुपाए गए गोला- बारूद और पैसे जवानों द्वारा बरामद हो रहे हैं. आज बस्तर संभाग के तीन जिलों सुकमा, बिजापुर, नारायणपुर में जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां सुकमा जिले और नारायणपुर जिले के ओरछा में हथियार- विस्फोटकों का डम्प जवानों द्वारा बरामद किया गया है. वहीं, बीजापुर जिले में ओडिशा राज्य में सक्रिय 13 लाख के 2 इनामी माओवादियों का आत्मसमर्पण हुआ है. वहीं, बिजापुर जिले में ही भैरमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत माओवादियों द्वारा टिफिन में छुपा कर रखा गया 39.77 लाख रुपये नकद बरामद किया गया है.
सुरक्षा बलों को मिली बड़ी कामयाबी
बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन और सर्चिंग अभियानों के तहत सुकमा, ओरछा और बीजापुर जिलों में अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता मिली है. जहां एक ओर आत्मसमर्पित माओवादी से मिली जानकारी के आधार पर सुकमा के चिंतलनार क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम व रासापल्ली जंगल-पहाड़ी से 08 कंट्रीमेड हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड, तीर बम और अन्य विस्फोटक और संचार सामग्री बरामद की गई. वहीं नारायणपुर जिले के ओरछा के चालचेर जंगलों से एसएलआर, इंसास व देशी कट्टा समेत 104 कारतूस, वॉकी-टॉकी और अन्य सामान जब्त हुआ है.
बीजापुर में 2 इनामी नक्सलियों का सरेंड
इसके साथ ही बीजापुर पुलिस के समक्ष ओडिशा में सक्रिय कुल 13 लाख रुपये के इनामी दो माओवादियों नागमणी कुड़मे उर्फ शीला और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू ने आत्मसमर्पण किया. इसके साथ ही बीजापुर में एक और बड़ी सफलता जवानों को हाथ लगी है. जहां भैरमगढ़ क्षेत्र के बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के भीतर से 500-500 के नोटों के बंडल के साथ माओवादियों के 39,77,000 रुपये नकद बरामद किया गया है. इसके पहले भी सुरक्षा बलों द्वारा माओवादी डम्प से 7,60,33,800 रुपए कैश एवं 8.5 किलो सोना बरादम किया जा चुका है.



