बस्तर पुलिस का हाई-टेक एक्शन: थर्मल और ड्रोन कैमरों की मदद से पकड़े गए चोर, 1 करोड़ का Gold बरामद
जगदलपुर. बस्तर पुलिस ने त्योहारी सीजन में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतर-राज्यीय और संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालिका को गिरफ्तार करते हुए 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण , एक स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस ने बरामद किए गए सोने की कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपए के लगभग की आंकी है.
इस पूरी कार्रवाई की सबसे बड़ी और खास बात रही ड्रोन तकनीक और थर्मल इमेजिंग का शानदार इस्तेमाल, जिसने अंधेरी रात में घने जंगल और लंबी घास के मैदानों में छिपे शातिर चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन एवं अति पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक आंशिका जैन के पर्यवेक्षण थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्यवाही करने में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.

कैसे काम आया आसमान से पहरा देने वाला ड्रोन?
जब पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों (कोड़ेनार के पथरीली उड़वा गांव) पर रेड कार्रवाई की, तो शातिर आरोपी पुलिस की भनक लगते ही भारी मात्रा में चोरी का सोना लेकर पास के विशाल जंगल और ऊंची घास के मैदानों की तरफ भाग निकले और छुप गए. रात का समय होने के कारण जंगल और बड़ी-बड़ी घास के मैदानों में इंसानी आंखों से आरोपियों को ढूंढना पुलिस के लिए बेहद जोखिम भरा और मुश्किल था.

अपराधियों की इस चालाकी को मात देने के लिए बस्तर पुलिस ने हाई-टेक तकनीक का सहारा लिया. पुलिस टीम ने थर्मल कैमरा युक्त ड्रोन कैमरों को आसमान में उतारा. घने अंधेरे के बीच ड्रोन के थर्मल सेंसर्स ने जंगल में छिपे आरोपियों के शरीर की गर्मी (Heat Signatures) को भांप लिया और सटीक लोकेशन पुलिस टीमों तक पहुंचा दी.

ड्रोन से मिले लाइव इनपुट के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जंगल को चारों तरफ से घेर लिया और रात में ही पैदल गश्त करते हुए सभी संदिग्धों को दबोच लिया. आधुनिक तकनीक और पुलिस के तालमेल ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की लुका-छिपी के खेल को खत्म कर दिया.
क्या था पूरा मामला और तरीका-ए-वारदात?
दिनांक 07.11.2026 की शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के एक गिरोह ने धावा बोला था. दुकानदारों का ध्यान भटकाकर दराज में रखे सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स एक नाबालिग बालिका को थमाकर गिरोह फरार हो गया था.

पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे, जबकि महिलाएं और बच्चे झुंड बनाकर दुकान में घुसते थे और भीड़ का फायदा उठाकर सफाई से चोरी को अंजाम देते थे. पुरुष वर्ग चोरी के माल को छुपाने और खपाने का काम करता था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल, सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर (स्कॉर्पियो CG 17 C 3511) के जरिए आरोपियों का सुराग लगाया और जंगल में ड्रोन ऑपरेशन चलाकर कुल 765.7 ग्राम सोना सुरक्षित बरामद कर लिया.


