Kanker News: अब ऑनलाइन ऑर्डर नहीं कर पाएंगे ये चीजें.. पुलिस संग ई-कॉमर्स कंपनियों की बैठक, लापरवाही पर होगी FIR

Kanker News: कांकेर पुलिस ने ऑनलाइन माध्यम से धारदार और प्रतिबंधित हथियारों की खरीद-बिक्री रोकने के लिए फ्लिपकार्ट, अमेज़न, मीशो सहित सभी कूरियर कंपनियों की बैठक ली। पुलिस ने चेतावनी दी कि संदिग्ध पार्सल की सूचना न देने और लापरवाही पर डिलीवरी एजेंसी पर कानूनी कार्रवाई होगी।
kanker news

कांकेर/ इमेज सोर्स- क्रोम

Kanker News: शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ऑनलाइन माध्यमों से धारदार व प्रतिबंधित हथियारों की खरीद-बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कांकेर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों, कूरियर सेवाओं और डिलीवरी एजेंसियों के प्रतिनिधियों की एक विशेष समीक्षा व समझाइश बैठक आयोजित की गई.

पुलिस ने क्या बताया ?

पुलिस ने बताया कि चाकू, छुरी, गुप्ती, बटनदार चाकू, एयरगन या अन्य धारदार/प्रतिबंधित वस्तुओं से जुड़े पार्सल पर विशेष सतर्कता बरतने और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया है. यदि कोई व्यक्ति विशेषकर नाबालिग या असामाजिक प्रवृत्ति के युवा बार-बार या बड़ी मात्रा में संदिग्ध वस्तुओं का ऑर्डर करता है, तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस से साझा करनी होगी.

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि किसी अपराध में ऑनलाइन मंगाया गया धारदार हथियार प्रयुक्त होता है और जांच में डिलीवरी एजेंसी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित एजेंसी पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कई ब्रैंड के प्रतिनिधि हुए शामिल

इस बैठक में फ्लिपकार्ट, शैडोफैक्स, मीशो, एक्सप्रेसबीज़, अमेज़न और डीटीडीसी सहित कांकेर में कार्यरत अन्य डिलीवरी सेवाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। पुलिस द्वारा दी गई समझाइश के दौरान कृष्णा यादव, रोशन नेताम, संदीप यादव, मनोज यादव, डिकेश्वर साहू, कपिल वर्मा, सुरज कुंजाम और अब्दुल कादर सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

कांकेर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और संचालकों से अपील किया है कि ऑनलाइन माध्यम से किसी भी संदिग्ध वस्तु या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर सूचित करें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और दी गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी.

ये भी पढ़ेंः छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरे जयराम महतो! बिना पानी बैठे उपवास पर, विधानसभा मार्च का ऐलान

ज़रूर पढ़ें