नारायणपुर में बवाल, धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान, भारी पुलिस बल मौजूद

CG News: नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित खड़कागांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है. आदिवासी समुदाय के लोगों ने गांव के एक परिवार पर मूल धर्म छोड़कर दूसरे धर्म को अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें गांव से बाहर कर दिया.
CG News

नारायणपुर में बवाल

नावेंद्र नागवंशी(नारायणपुर)

CG News: नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित खड़कागांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है. आदिवासी समुदाय के लोगों ने गांव के एक परिवार पर मूल धर्म छोड़कर दूसरे धर्म को अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें गांव से बाहर कर दिया. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

धर्मांतरित परिवारों को गांव से निकाला

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने मोहन दुग्गा के परिवार को गांव से निकाल दिया. परिवार में कुल सात सदस्य हैं, जिनमें तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर माहौल शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं.

बता दें कि इससे पहले भरंडा गांव में भी धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया था. वहां 26 परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान सुनाए जाने के बाद जिला प्रशासन की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई थी. उस समय प्रशासन ने एक माह का समय देकर आगे पुनः बातचीत करने का निर्णय लिया था.

प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कई क्षेत्रों में ईसाई धर्म अपनाने वाले लोगों को पुनः मूल धर्म में लाने के अभियान तेज होने की चर्चा है. इसी क्रम में कई गांवों में सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई है. कुछ स्थानों पर अंतिम संस्कार और दफन के लिए भूमि को लेकर भी विवाद सामने आ चुके हैं. धर्मांतरण से जुड़े मामलों को लेकर कानूनी विवाद भी बढ़े हैं और कुछ प्रकरण उच्च न्यायालय तक पहुंच चुके हैं. फिलहाल खड़कागांव में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं.

ज़रूर पढ़ें