बिलासपुर स्टेशन पर अब मिलेगी कार वॉश, EV चार्जिंग जैसी सुविधा, रेलवे प्रशासन ने लिया फैसला
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मिलेगी कार वॉश और चार्जिंग की सुविधा
Bilaspur Railway Station: बिलासपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का मुख्यालय है. ये छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े रेलवे स्टेशनों में से एक है. यहां से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए ट्रेन भी आसानी से मिल जाती है. अब स्टेशन पर यात्रियों को सामान्य सुविधाओं के साथ-साथ कई सारी सुविधाएं मिलने वाली हैं. इसके लिए रेलवे प्रशासन ने फैसला लिया है.
पार्किंग में खड़ी कार चार्ज कर सकेंगे
जिन लोगों के पास इलेक्ट्रिक व्हीकल (Electric Vehicle) है, उनके सामने सबसे बड़ी समस्या वाहन को चार्ज करने को लेकर होती है. बिलासपुर रेलवे स्टेशन आने वाले ऐसे यात्री या वाहन मालिकों को इस समस्या से निजात मिलने वाली है. पार्किंग में ही ईवी की चार्जिंग व्यवस्था होने वाली है. इसके लिए प्रशासन ने योजना पर काम करना शुरू कर दिया है. रेलवे ने पार्किंग का संचालन करने वाले ठेकेदार या संबंधित एजेंसियों को बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए कहा है.
चार्जिंग व्यवस्था होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों और मालिकों को राहत मिलेगी. रेलवे प्रशासन ने ये फैसला ईवी की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया है. इस सुविधा से बिलासपुर स्टेशन आने और जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी.
ये भी पढ़ें: बिलासपुर में करेले के ढेर से निकला कोरबा, बाजार में मची अफरा-तफरी, सब्जी ले रहे युवक को डसा, सिम्स में भर्ती
कार वॉश भी हो सकेगी
EV चार्जिंग के साथ-साथ वाहन चालक और मालिक अपनी कार या गाड़ी को वॉश करा सकेंगे. ये फैसिलिटी जल्द ही शुरू होने वाली है. इसके साथ ही कार या दूसरी गाड़ियों के छोटे स्पेयर पार्ट्स भी उपलब्ध रहेंगे, जिन्हें आवश्यकता अनुसार बदला जा सकता है. इन सभी सुविधाओं के लिए निर्धारित शुल्क वसूला जाएगा. रेलवे का वाणिज्य विभाग जल्द ही शुल्क के बारे में सर्वे करेगा. मनमाना शुल्क नहीं वसूला जाएगा. इससे सुविधा का तो विस्तार होगा ही, इसके साथ ही बिलासपुर रेलवे स्टेशन हाई टेक और मॉडर्न बनेगा.