छत्तीसगढ़ के आयुष पांडे को भारत A टीम में मिली जगह, श्रीलंका दौरे पर दिखाएंगे दम
आयुष पांडे
Aayush Pandey: छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राजधानी रायपुर के युवा और प्रतिभाशाली बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन भारत ए की टीम में श्रीलंका दौरे के लिए किया गया है. आयुष ने रणजी ट्रॉफी के दौरान काफी अच्छा प्रदर्शन किया था, जिसके दमदम उन्होंने इंडिया ए की टीम में जगह बना ली है. श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई टीम में शामिल होकर आयुष ने न सिर्फ अपने सपनों को नई उड़ान दी है, बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ा दिया है.
भारत ए टीम में चुना गया छत्तीसगढ़ का लाल
22 वर्षीय आयुष पांडे छत्तीसगढ़ के एक प्रतिभाशाली युवा ओपनर हैं. हाल ही में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. अब अपने दमदार प्रदर्शन के बदौलत उन्होंने श्रीलंका दौरे के लिए भारत ए की टीम में जगह बना ली है. इस टीम में उनका चयन घरेलू टूर्नामेंट्स और रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर हुआ है.
यह भी पढ़ें: श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जुरेल-पडिक्कल को बड़ी जिम्मेदारी,जानें किन खिलाड़ियों को मिला मौका
घरेलू क्रिकेट में किया शानदार प्रदर्शन
आयुष पांडे पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. विशेष रूप से रणजी ट्रॉफी में उनकी बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था. रणजी में उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 183 रन की शानदार पारी खेली थी.
आयुष पांडे क्रिकेट करियर
22 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 19 मैचों की 34 पारियों में 1430 रन बनाए हैं. जिसमें 4 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं. इसके आलवा लिस्ट ए के 6 मैचों की 6 पारियों में उन्होंने 44.66 की औसत से 268 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा आयुष ने 9 टी20 मैचों में 100 रन बनाए हैं.