CG News: सोने का हार समझकर की झपटमारी, निकला 500 रुपये का नकली गहना, आरोपी यूट्यूबर गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र में झपटमारी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. सोशल मीडिया के लिए रील और वीडियो बनाने निकले युवकों के एक समूह ने एक महिला के गले में पहने चमकदार हार को सोने का आभूषण समझकर उसे लूट लिया. हालांकि बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जिस हार को आरोपी कीमती सोने का गहना समझ रहे थे, वह महज 500 रुपये कीमत का नकली आभूषण था. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
रील शूटिंग के लिए निकला था समूह
पुलिस के अनुसार 3 जून को रायपुर निवासी सूर्य गुप्ता, माही बंजारे, आशीष भट्टाचार्य और कैमरामैन पवन एक किराए की कार से पंखाजूर की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि सभी सोशल मीडिया कंटेंट और रील शूटिंग के उद्देश्य से यात्रा पर निकले थे. रास्ते में तेज गर्मी और आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा हुई, जिसके बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया.
महिला को बनाया निशाना
दुर्गकोंदल क्षेत्र के विक्रमगंज गांव के पास खेत से लौट रही कुमारी बाई साहू पर आरोपियों की नजर पड़ी. महिला के गले में चमकता हुआ हार देखकर उन्हें लगा कि वह सोने का है. इसके बाद उन्होंने महिला को निशाना बनाने की योजना बनाई. आरोप है कि एक युवक कार से उतरकर महिला के पास पहुंचा और बातचीत के बहाने उसके करीब गया. मौका मिलते ही उसने महिला के गले से हार झपट लिया और कार में बैठकर साथियों के साथ फरार हो गया.
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पीड़िता ने दुर्गकोंदल थाने में शिकायत दर्ज कराई. महिला वाहन का नंबर नहीं देख पाई थी, लेकिन उसने सफेद रंग की डिजायर कार की जानकारी पुलिस को दी. इसके आधार पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध वाहन की पहचान की. बाद में मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का पता लगाया गया.
500 रुपये का निकला हार
पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर आरोपी आशीष भट्टाचार्य को उसके फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया. साथ ही घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है. जांच के दौरान पता चला कि लूटा गया हार असली सोने का नहीं, बल्कि करीब 500 रुपये कीमत का नकली आभूषण था. पुलिस का कहना है कि वस्तु की कीमत चाहे जो भी हो, झपटमारी गंभीर अपराध है. मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
ये भी पढे़ं- CG News: पोती ने कर ली लव मैरिज तो परिवार को मिली बहिष्कार की धमकी, समाज के लोगों ने वसूले 55 हजार